उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में 2 अपराधी पेट दर्द का बहाना करके पुलिस कस्टडी से भाग गए. पुलिस ने सिर्फ 2 घंटों के अंदर ही दोनों को दोबारा से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस को चकमा देकर भागे अपराधी
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है. जिले के शोहरतगढ़ थाने से सोमवार सुबह लगभग 6 बजे गैंगस्टर एक्ट के 2 इनामी अपराधी पुलिस को चकमा देकर भाग गए. जानकारी के मुताबिक दोनों अपराधी 25-25 हजार रुपए के इनामी बदमाश हैं. सुबह के समय दोनों ने पेट दर्द का बहाना बनाया और हवालात का दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद दोनों पहरा संतरी से भिड़कर भाग गए.
पेट दर्द का बनाया था बहाना
पुलिस को चकमा देकर भागने वाले आरोपियों की पहचान अतुल उर्फ इंद्र कपूर और मोहम्मद रकीब के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अतुल ने सुबह अचानक से पेट दर्द का बहाना बनाया और हवालात का दरवाजा खुलवा लिया. दरवाजा खुलते ही दोनों बदमाशों ने संतरी के साथ भिड़ना शुरू कर दिया. संतरी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों अपराधी भागने में सफल रहे.
2 घंटे के अंदर फिर से गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस की टीमें तुरंत ही एक्शन में आ गईं. पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के निर्देश के बाद एसओजी टीम और थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने तुरंत ही कार्रवाई शुरू कर दी और सिर्फ 2 घंटों के अंदर ही दोनों अपराधियों को कस्बे में मौजूद चौधरी लॉन के पास एक खेत से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया है.
दोनों पर नए मुकदमे दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर चोरी और लूट जैसे 15 मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि कस्टडी से भागने और ड्यूटी पर तैनात संतरी पर हमला करने के आरोप में दोनों अपराधियों के खिलाफ BNS की धारा 121(1), 262 और 132 के तहत नया मुकदमा भी दर्ज किया है. इन दोनों को पकड़ने वाली टीम को इनाम की रकम दी जाएगी. फिलहाल पुलिस ने दोनों को फिर से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान जिंदाबाद ही है, तुम्हें जो करना है कर लो… वायरल वीडियो पर पुलिस ने मुल्ला को किया गिरफ्तार
