Unnao rape case: सुप्रीम कोर्ट ने उन्नाव दुष्कर्म मामले में कुलदीप सेंगर को मिली राहत पर रोक लगा दी, जिसके बाद उन्होंने बेटी के जरिए कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं मिला है. सेंगर और उनकी बेटी ने मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया, जबकि कोर्ट ने उन्हें फिलहाल जेल में ही रखने का आदेश दिया है.

Unnao rape case: सुप्रीम कोर्ट ने 2017 के उन्नाव दुष्कर्म मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को मिली राहत पर रोक लगा दी है. दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी उम्रकैद की सजा को निलंबित किया था, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने उस आदेश पर रोक लगा दी है. इस फैसले के बाद कुलदीप सेंगर का पहला बयान सामने आया है, जो उनकी बेटी ऐश्वर्या सेंगर के जरिए मीडिया तक पहुंचा हैं.
अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं मिला
अपने बयान में कुलदीप सेंगर ने कहा कि अदालत में अभी मामले के असली मुद्दों पर बहस शुरू भी नहीं हो पाई है. उनका दावा है कि पीड़िता ने अपने बयान कई बार बदले हैं और घटना का समय अलग-अलग बताया है. उन्होंने यह भी कहा कि एम्स मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट में पीड़िता की उम्र 18 साल से अधिक बताई गई है, जिसे नजरअंदाज किया गया है. सेंगर का कहना है कि उन्हें अपनी बात रखने का पूरा मौका नहीं मिला है.
उन्होंने आगे कहा कि उनकी और उनके परिवार की गरिमा और शांति छिन गई है. कुलदीप सेंगर ने दावा किया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड से साफ है कि कथित घटना के समय वह उस स्थान पर मौजूद नहीं थे. उन्होंने यह भी कहा कि जिस समय घटना बताई गई है, उस वक्त पीड़िता फोन पर बात कर रही थी. उनका कहना है कि वह पिछले आठ साल से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन फिर भी उनके दुखों को अहमियत नहीं दी जा रही है.
ऐश्वर्या सेंगर ने लगाए मीडिया पर गंभीर आरोप

कुलदीप सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने मीडिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि पीड़िता के रिश्तेदारों की सड़क दुर्घटना और अन्य मामलों को लेकर गलत जानकारियां फैलाई जा रही हैं. ऐश्वर्या के अनुसार, इस सड़क हादसे की जांच सीबीआई और अन्य संस्थानों ने की थी और इसे सामान्य दुर्घटना बताया गया था. उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में उनके पिता का नाम बिना ठोस आधार के जोड़ा गया है.
सुप्रीम कोर्ट में पीड़िता ने दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी. सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि मामले में कानून से जुड़े अहम सवाल उठते हैं. कोर्ट ने कुलदीप सेंगर को फिलहाल जेल में ही रहने का आदेश दिया है और मामले की अगली सुनवाई कुछ हफ्तों बाद तय की गई है. यह फैसला एक बार फिर इस चर्चित मामले को सुर्खियों में ले आया है.
यह भी पढ़ें: क्या बीजेपी का कमजोर किला मजबूत करेंगे पंकज चौधरी? समझिए मिशन UP-2027 की पूरी रणनीति
