nashik bpo harassment forced conversion case: नासिक में टीसीएस के एक बीपीओ से महिला कर्मचारियों के साथ धार्मिक प्रताड़ना, जबरन नमाज और यौन शोषण के गंभीर मामले सामने आए हैं. पुलिस ने इस संबंध में 9 एफआईआर दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और फरार एचआर मैनेजर की तलाश के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है.

nashik bpo harassment forced conversion case: Tata Consultancy Services के नासिक स्थित एक बीपीओ यूनिट से महिला कर्मचारियों के साथ गंभीर उत्पीड़न का मामला सामने आया है. शिकायतों में जबरन नमाज पढ़वाने, धर्म बदलने का दबाव बनाने, छेड़छाड़, दुष्कर्म की कोशिश और मानसिक प्रताड़ना जैसे आरोप लगाए गए हैं. बताया गया है कि ये घटनाएं साल 2022 से लेकर 2026 के बीच हुईं. पीड़ित महिलाओं की उम्र करीब 18 से 25 वर्ष बताई गई है. इस पूरे मामले ने कंपनी और प्रशासन दोनों को चिंता में डाल दिया है.
अब तक इस मामले में 9 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. पुलिस ने 6 पुरुष और 2 महिला कर्मचारियों को आरोपी बनाया है. इनमें से 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. गिरफ्तार आरोपियों में आसिफ अंसारी, दानिश, शफी शेख, शाहरुख कुरैशी, रजा मेमन और तौसीफ अत्तर शामिल हैं. इसके अलावा कंपनी की यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति के ऑपरेशंस मैनेजर आश्विन चैनानी को भी गिरफ्तार किया गया है. वहीं एचआर मैनेजर निदा खान फिलहाल फरार बताई जा रही है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष जांच दल यानी एसआईटी बनाई गई है. अब तक जांच में कम से कम 12 पीड़ित महिलाओं की पहचान की जा चुकी है. यह मामला एक महिला की शिकायत के बाद सामने आया. इसके बाद गुप्त तरीके से जांच शुरू की गई. जांच एजेंसियां मोबाइल फोन, चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही हैं. साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस मामले में बाहर के लोगों की भी कोई भूमिका है.
एफआईआर में कई चौंकाने वाले आरोप दर्ज हैं. जुलाई 2022 से फरवरी 2026 के बीच दानिश शेख, तौसीफ अत्तर और निदा खान पर एक महिला कर्मचारी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है. शिकायत में कहा गया है कि हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक बातें कही गईं. तौसीफ अत्तर पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का भी आरोप लगा है. वहीं दानिश पर ऑफिस और लॉबी में महिला को पकड़कर गलत हरकत करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है.
अन्य शिकायतों में भी कई गंभीर बातें सामने आई हैं. कुछ आरोपियों पर महिला कर्मचारियों को घूरने, छूने और उनके निजी जीवन पर अशोभनीय टिप्पणी करने के आरोप हैं. एक शिकायत में कहा गया है कि महिला को जबरन नमाज पढ़ने के लिए कहा गया. साथ ही मांसाहार खाने का दबाव बनाकर धर्म बदलने की कोशिश की गई. कई मामलों में महिलाओं का पीछा करने, अश्लील सवाल पूछने और अनुचित तरीके से छूने की भी शिकायत दर्ज हुई है. पुलिस के मुताबिक सभी मामलों की जांच जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं.
