विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं. अब इसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बागी विधायकों पर निशाना साधा है.
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दल बदल की राजनीति भी शुरू हो गई है. समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायक बुधवार को औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल हो गए. जानकारी के मुताबिक़ सपा ने लगभग दो साल पहले तीनों विधायकों को पार्टी से निष्कासित कर दिया था, क्योंकि उन्होंने साल 2024 के राज्यसभा चुनावों में बीजेपी के उम्मीदवारों के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी. अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए तीनों बागी विधायकों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि कई सालों की प्रतीक्षा के बाद भी सदस्यता की पर्ची से अधिक कुछ नहीं मिला. इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा जिस दल में गए हैं, उसके पुराने दावेदार कह रहे हैं ऐसे लोग तो आते-जाते रहते हैं. जिस दल से जीते, उसके नहीं हुए तो जिसके सदस्य बनने में सालों लग गए, वहां ‘प्रत्याशी’ नहीं, प्रतिक्षार्थी बनकर ही कई साल रहेंगे.
अखिलेश यादव ने किया पोस्ट
आपको बता दें कि अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कविता भरे अंदाज में हमला बोलते हुए कहा, ‘अपने कबीले से जो दगा करता है बंदा, चलता उसके मान पर अपमान का रंदा. कार्यकर्ता बनकर उठाना पड़ता है झंडा, दूसरे इस्तेमाल कर लेते हैं उसका कंधा. सिर झुकाकर करना पड़ता काला धंधा, चुराना पड़ता उसको दान-चढ़ावा-चंदा, अब तक जो कमाया वो नाम होता गंदा’.
बीजेपी अध्यक्ष समेत कई लोग रहे मौजूद
आपको बता दें कि सपा के तीनों बागी विधायकों राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने अमेठी के गौरीगंज स्थित राकेश प्रताप सिंह के आवास पर आयोजित एक कार्यक्रम में बीजेपी में शामिल हुए, बताया जा रहा है कि इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और राज्य भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद थे.
विधायकों को लेकर बीजेपी का बड़ा दावा
विधायकों की पार्टी में शामिल होने के बाद बीजेपी ने कहा कि इन तीन विधायकों को शामिल करने से पार्टी को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में फायदा होगा. वहीं सपा ने कहा कि इन विधायकों को पहले ही निष्कासित कर दिया गया था और वो जानते थे कि उन्हें दोबारा मनोनीत नहीं किया जाएगा, इसलिए उनके पास बीजेपी में शामिल होने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था.
