Budget 2026 UP: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में यूपी के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं, जिनसे प्रदेश के औद्योगिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है. इन घोषणाओं को आगामी चुनावों से पहले यूपी के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है.
वाराणसी को मिलेगा मल्टीमॉडल पोर्ट का तोहफा
बजट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को खास प्राथमिकता दी गई है.गंगा नदी के किनारे जहाजों की मरम्मत और परिवहन के लिए आधुनिक पोर्ट बनाए जाने का ऐलान किया गया है. इसके साथ ही वाराणसी में परिवहन पोर्ट भी विकसित किए जाएंगे, जिससे जलमार्ग के जरिए व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
महात्मा गांधी हेंडलूम योजना से बुनकरों को संबल
उत्तर प्रदेश के बुनकरों के लिए केंद्र सरकार ने महात्मा गांधी हेंडलूम योजना की शुरुआत करने की घोषणा की है. इस योजना से खासतौर पर वाराणसी और पूर्वांचल के हेंडलूम कारीगरों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और पारंपरिक उद्योग को बढ़ावा मिलेगा.
हाईस्पीड रेल कॉरिडोर से बदलेगा यातायात का स्वरूप
देश में प्रस्तावित 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर में से 2 यूपी को मिले हैं. पहला कॉरिडोर दिल्ली से वाराणसी के बीच बनेगा, जबकि दूसरा वाराणसी से सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित है. इन परियोजनाओं से न सिर्फ यात्रा समय घटेगा, बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
महिलाओं के लिए हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल
केंद्र सरकार ने सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए यूपी के सभी 75 जिलों में एक-एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की है. इससे उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर पढ़ने वाली छात्राओं को सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी.
औद्योगिक विकास को रफ्तार
कंटेनर निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश को 10 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है. इसके अलावा सेमीकंडक्टर 2.0 मिशन की शुरुआत की गई है, जिसके तहत नोएडा में सेमीकंडक्टर पार्क विकसित किया जा रहा है. इससे प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
शहरों और तीर्थ स्थलों का विकास
5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जाएगा, जिसमें अयोध्या, गोरखपुर समेत 15 शहर शामिल हैं.साथ ही छोटे तीर्थ स्थलों के विकास का भी बजट में प्रावधान किया गया है.
