Mock Drill in Uttar Pradesh: राजधानी लखनऊ समेत सभी 75 जिलों में 23 जनवरी 2026 को शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी. शासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार शाम छह बजे सभी जिलों में दो मिनट के लिए ब्लैक आउट किया जाएगा. इस दौरान हवाई हमले की चेतावनी वाला सायरन बजाया जाएगा. इस सायरन बजते ही नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाना होगा.
हवाई हमले से निपटने की तैयारी जांचने के लिए मॉक ड्रिल
आपात स्थिति जैसे हवाई हमले से निपटने की तैयारी जांचने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी. इस दौरान शाम 6 बजते ही अंधेरा छा जाएगा. सायरन बजने लगेंगे. यह अभ्यास नागरिक सुरक्षा विभाग के नेतृत्व में सिविल डिफेंस, पुलिस, SDRF, NDRF, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभागों के समन्वय को परखेगा.
सभी 75 जिलों में मॉक ड्रिल
23 जनवरी को प्रदेश के सभी 75 जिलों में इस अभ्यास का प्रैक्टिकल रिहर्सल किया जाएगा. बताया गया कि 23 जनवरी को शाम 6 बजे से 2 मिनट तक हवाई हमले की चेतावनी वाला सायरन बजाया जाएगा. इसके बाद बिजली काट दी जाएगी. उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव ने डीजीपी, उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक, राहत आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को मॉक ड्रिल को संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं. सभी जिलों के डीएम और पुलिस अधिकारियों को भी मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दे दिए गए हैं.
अंधेरा छा गया, सायरन बजने लगे
राजधानी लखनऊ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का गुरुवार शाम को रिहर्सल किया गया. पार्क में लोग बैठकर धूप ले रहे थे, बाहर खाने पीने की दुकानों में भीड़ जुटी थी, तभी अचानक से तेज धमाके की आवाज आती है. धमाके के बाद अफरातफरी मच जाती है. पता चला कि हवाई हमला हुआ है. अंधेरा छा गया, सायरन बजने लगे. पार्क में बैठे लोग गिर पड़े. कई लोग चोटिल हो गए थे. दरअसल यह सब मॉक ड्रिल का हिस्सा था. जिसका रिहर्सल किया गया.
7 मई को भी हुई थी मॉक ड्रिल
7 मई को देश के 244 जिलों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी. उत्तर प्रदेश में 19 जिलों को चिन्हित किया गया था. जहां युद्ध जैसे हालात में आम नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन जैसी स्थिति में तैयारियां परखी गईं थीं.ये मॉक ड्रिल भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच केंद्र सरकार ने एहतियातन देशभर में कराई थी.
