यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ आज एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई. कौशांबी जा रहे उपमुख्यमंत्री का अचानक हेलीकॉप्टर खराब हो गया जिसके बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए. लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद टेक्निकल खऱाबी के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. केशव प्रसाद मौर्य के करीबी एक बीजेपी नेता ने बताया कि उपमुख्यमंत्री कई कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए कौशांबी जा रहे थे. पार्टी नेताओं ने कहा कि मौर्य बिल्कुल ठीक हैं और बाद में एक दूसरे हेलिकॉप्टर से कौशांबी जाएंगे. इस खबर के बाद विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर भेजी गई. डिप्टी सीएम बिलकुल ठीक हैं.
जानिए कैसे हुई घटना?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर जब बछरावा तक पहुंचा, तभी पायलट के डैशबोर्ड पर लगा डिस्प्ले बंद हो गया था. बिना डिस्प्ले पायलट का कंट्रोल आसान नहीं था. इसलिए एयरपोर्ट की तरफ हेलीकॉप्टर को मोड़ दिया गया इसी बीच हेलीकॉप्टर में धुआं भरने लगा. केशव प्रसाद मौर्य के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर में अचानक धुआं भर गया था इसलिए इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. हेलीकॉप्टर में केशव मौर्य, उनके सहयोगी विवेक, सुरक्षाकर्मी और पायलट सवार थे. सभी सुरक्षित हैं.
