Yadav Vote Bank in UP: उत्तर प्रदेश की राजनीति में यादव समाज को किंगमेकर माना जाता है। जानिए 2027 के चुनाव से पहले यादव वोटबैंक की आबादी, सीटों पर प्रभाव और राजनीतिक इतिहास.

Yadav Vote Bank in UP: उत्तर प्रदेश का 2027 का विधानसभा चुनाव अब बहुत नजदीक आ गया है. सभी राजनीतिक दल अपने-अपने कोर वोटर्स को अपने पाले में लाने की जद्दोजहद में जुटे हैं. सूबे की राजनीति में यादव समाज सिर्फ एक पिछड़ा वर्ग नहीं है, बल्कि समाजवादी पार्टी की राजनीति का सबसे मजबूत स्तंभ माना जाता है. यादव समुदाय को उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा ‘वोटबैंक’ और ‘किंगमेकर’ कहा जाता है. राज्य में ओबीसी आबादी के बीच यादव सबसे बड़ी संख्या में हैं, जो किसी भी दल की सरकार बनाने और बिगाड़ने की पूरी ताकत रखते हैं.
यूपी में कितनी है आबादी और क्या है राजनीतिक ताकत
उत्तर प्रदेश की कुल आबादी करीब 24 करोड़ है. इसमें यादव समाज की हिस्सेदारी लगभग 10 फीसदी यानी करीब 1.7 करोड़ से 2.4 करोड़ के बीच मानी जाती है. अगर सिर्फ ओबीसी वर्ग की बात करें, तो यादव अकेले 22 फीसदी से ज्यादा हिस्सा रखते हैं. इटावा, मैनपुरी, बदायूं, कन्नौज और आजमगढ़ जैसे जिलों में इस समाज का भारी प्रभाव है. सूबे की करीब 60 से 65 विधानसभा सीटों पर यादव वोटर सीधे तौर पर हार-जीत का फैसला करते हैं. मध्य यूपी और पूर्वांचल के कई इलाकों में इनकी गोलबंदी चुनावों की दिशा तय करती है.
रामनरेश यादव से लेकर मुलायम-अखिलेश तक का सफर
यूपी की राजनीति में यादव समाज का इतिहास काफी पुराना और मजबूत रहा है. आजादी के बाद से ही इस समाज के नेता राजनीति में सक्रिय हो गए थे. कांग्रेस से लेकर जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी तक यादव नेताओं का बड़ा योगदान रहा है. उत्तर प्रदेश में अब तक तीन यादव नेता मुख्यमंत्री बन चुके हैं, जिनमें रामनरेश यादव, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव शामिल हैं. खासकर मुलायम सिंह यादव ने मंडल आंदोलन के बाद यादव समाज को एकजुट किया और इसे समाजवादी पार्टी की रीढ़ बना दिया. इसी मजबूत वोटबैंक के दम पर मुलायम सिंह तीन बार और अखिलेश यादव एक बार मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुँचे.
बीजेपी की सेंधमारी और बदलता सियासी समीकरण
लंबे समय तक यादव समाज पूरी तरह से समाजवादी पार्टी के साथ जुड़ा रहा है. लेकिन 2014 के बाद से भारतीय जनता पार्टी ने गैर-यादव पिछड़ों को साधकर इस मजबूत किले में सेंध लगाने की कोशिश की है. इसके बावजूद चुनावों के आंकड़े बताते हैं कि यादव समाज का बड़ा हिस्सा आज भी सपा के साथ ही खड़ा रहता है. CSDS के आंकड़ों के मुताबिक, हालिया चुनावों में लगभग 83 फीसदी यादव वोट सपा गठबंधन को मिले हैं, जबकि करीब 12 फीसदी वोट बीजेपी के खाते में गए हैं. बीजेपी ने भी अपने पाले में कुछ बड़े चेहरे लाकर इस समुदाय में पैठ बनाने की पूरी कोशिश की है.
सत्ता में भागीदारी और विधानसभा के मौजूदा आंकड़े
राजनीतिक रूप से मजबूत होने के बावजूद पिछले कुछ चुनावों में यादव विधायकों की संख्या में उतार-चढ़ाव देखा गया है. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कुल 27 यादव विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचे थे, जिसमें से 24 सपा के और 3 बीजेपी के टिकट पर जीते थे. वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी से जितने भी यादव सांसद चुनकर आए, वे सभी मुलायम परिवार से ही ताल्लुक रखते हैं. वर्तमान योगी सरकार में भी गीयश चंद्र यादव के रूप में यादव समाज को प्रतिनिधित्व मिला है. इसके अलावा बीजेपी और अन्य दल भी अपने स्तर पर इस वर्ग के नेताओं को आगे बढ़ा रहे हैं.
2027 के चुनाव में कितनी अहम होगी यादव वोटरों की भूमिका
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी दलों की नजरें इस बड़े वोटबैंक पर टिकी हुई हैं. समाजवादी पार्टी जहाँ अपने इस पारंपरिक आधार को और मजबूत करने में लगी है, वहीं विपक्षी दल भी अपनी रणनीतियों से इसमें सेंध लगाना चाहते हैं. अखिलेश यादव ‘PDA’ फॉर्मूले के जरिए सभी पिछड़ों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. यह देखना बहुत दिलचस्प होगा कि आने वाले चुनाव में यादव समाज का यह बड़ा वोटबैंक किसके पाले में खड़ा होता है और सूबे की सत्ता की चाबी किसके हाथ लगती है.
