UP Budget Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से शुरू हो रहा है. आज इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा. 11 फरवरी को साल 2026-27 का बजट पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सदन के पटल पर बजट पेश करेंगे. बजट सत्र के पहले आज विधानसभा में दो महत्वपूर्ण बैठकें होंगी. पहली बैठक सुबह 11.30 बजे विधानसभा मे होगी. कार्य मंत्रणा की बैठक दोपहर 12 बजे सीएम योगी की मौजूदगी में सर्वदलीय बैठक होगी. सुचारू रूप से सदन चलाने के लिए सत्तापक्ष सभी दलों से सहयोग की अपील करेगा.
एनडीए विधायक दल की बैठक
आज विधानसभा बजट सत्र के पहले एनडीए विधायक दल की बैठक सीएम योगी की अध्यक्षता मे होगी. बीजेपी व उनके सहयोगी दलों के विधायकों की बैठक शाम 5.30 बजे लोकभवन में होगी.
11 फरवरी को पेश होगा यूपी का बजट
उत्तर प्रदेश सरकार 11 फरवरी को बजट पेश करने जा रही है. बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदी बेन पटेल विधानसभा और विधान परिषद दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगी. इस साल पंचायत चुनाव और 2027 में विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार कई लोकलुभावन योजनाओं की घोषणा कर सकती है.
इन सेक्टरों में सबसे ज्यादा आवंटन!
प्रदेश सरकार की ओर से 11 फरवरी को पेश होने वाले बजट का आकार इस बार करीब 9 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है. सरकार का मुख्य ध्यान प्रदेश के विकास और आम लोगों की सुविधाओं पर रहेगा. सड़क, पुल, शहरों के विकास और बुनियादी ढांचे पर बड़ा खर्च किए जाने की संभावना है. सरकार युवाओं के रोजगार, किसानों की मदद और गरीब व जरूरतमंद वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं के लिए अच्छी खासी रकम रख सकती है. अनुमान है कि कुल बजट का करीब 25 प्रतिशत हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर, 15 प्रतिशत शिक्षा, 12 प्रतिशत कृषि, 8 प्रतिशत स्वास्थ्य और 5 प्रतिशत सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर खर्च किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य विकास के साथ-साथ वित्तीय संतुलन बनाए रखना भी है.
