us defense budget 2027: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साल 2027 के लिए 1.5 ट्रिलियन डॉलर का ऐतिहासिक रक्षा बजट प्रस्तावित किया है, जिसमें मिसाइल रक्षा प्रणाली ‘गोल्डन डोम’ और नौसेना की ‘गोल्डन फ्लीट’ योजना पर मुख्य जोर दिया गया है. इस बजट में ड्रोन तकनीक, आधुनिक लड़ाकू विमानों और सैनिकों की सैलरी व नई भर्तियों के लिए भी भारी फंड आवंटित किया गया है.

us defense budget 2027: अमेरिका में साल 2027 के लिए रक्षा बजट को लेकर बड़ी चर्चा हो रही है. राष्ट्रपति Donald Trump ने करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर यानी लगभग 1500 अरब डॉलर का डिफेंस बजट प्रस्तावित किया है. इसे अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा रक्षा बजट बताया जा रहा है. अमेरिकी रक्षा विभाग Pentagon ने इस बजट की जानकारी दी है. इस बजट में कुछ खास योजनाओं को “राष्ट्रपति की प्राथमिकता” बताया गया है. इनमें मिसाइल रक्षा सिस्टम, ड्रोन तकनीक, नई डिजिटल व्यवस्था और रक्षा उद्योग को मजबूत करने की योजनाएं शामिल हैं.
इससे पहले पिछले साल भी ट्रंप प्रशासन ने रक्षा खर्च के लिए बड़ी रकम मांगी थी. उस समय करीब 892.6 बिलियन डॉलर का बजट मांगा गया था. बाद में एक अतिरिक्त प्रस्ताव के जरिए इसमें 150 बिलियन डॉलर और जोड़ दिए गए. इसके बाद पहली बार अमेरिकी रक्षा बजट 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गया था. नए प्रस्ताव में नौसेना को मजबूत करने पर भी खास ध्यान दिया गया है. अमेरिका 18 युद्धपोत और 16 सपोर्ट जहाज खरीदने की योजना बना रहा है. इसके लिए 65 बिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च किए जाएंगे. इसे “गोल्डन फ्लीट” योजना का हिस्सा बताया जा रहा है.
इसके अलावा वायुसेना के लिए भी बड़े फैसले लिए गए हैं. नए बजट में F-35 Lightning II लड़ाकू विमान की खरीद बढ़ाकर हर साल 85 करने का प्रस्ताव है. विमानों की खरीद और रिसर्च के लिए करीब 102 बिलियन डॉलर रखे गए हैं. यह पिछले साल से करीब 26 प्रतिशत ज्यादा है. साथ ही नए जेनरेशन के लड़ाकू प्लेटफॉर्म, जैसे B-21 Raider बॉम्बर विमान के विकास के लिए भी 6.1 बिलियन डॉलर दिए जाएंगे. इसके अलावा नए ड्रोन सिस्टम और स्वचालित युद्ध तकनीक पर भी बड़ा निवेश किया जा रहा है.
रक्षा बजट में आधुनिक हथियारों और ड्रोन तकनीक पर खास जोर दिया गया है. ऑटोनॉमस ड्रोन प्लेटफॉर्म और लॉजिस्टिक्स सपोर्ट के लिए करीब 53.6 बिलियन डॉलर खर्च करने का प्रस्ताव है. वहीं उन्नत हथियारों और काउंटर ड्रोन सिस्टम के लिए 21 बिलियन डॉलर की मांग की गई है. डिफेंस ऑटोनॉमस वॉरफेयर ग्रुप के लिए फंडिंग को भी काफी बढ़ा दिया गया है. यह रकम पहले 225 मिलियन डॉलर थी, जिसे अब बढ़ाकर करीब 54 बिलियन डॉलर कर दिया गया है.
इस बजट में सैनिकों की सैलरी बढ़ाने का भी प्रावधान रखा गया है. जूनियर सैनिकों की सैलरी में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. वहीं सीनियर सैनिकों की सैलरी 6 प्रतिशत और ऊंचे पदों पर तैनात सैनिकों की सैलरी 5 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी. इसके अलावा सेना में और भर्ती करने की भी योजना है. वित्त वर्ष 2027 में करीब 44 हजार नए सैनिकों की भर्ती का प्रस्ताव रखा गया है. बजट में ट्रंप की महत्वाकांक्षी मिसाइल रक्षा योजना Golden Dome के लिए भी बड़ी रकम रखी गई है. इस सिस्टम का मकसद अमेरिका को बैलिस्टिक, हाइपरसोनिक और क्रूज मिसाइल जैसे खतरों से सुरक्षित करना है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह योजना आने वाले समय में बहुत महंगी साबित हो सकती है.
