pushkar singh dhami haridwar visit: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में जनता के बीच बैठकर चौपाल कार्यक्रम में सभी शिकायतों का तुरंत समाधान करने के आदेश दिए और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करने का संदेश दिया.
उन्होंने कहा कि सरकार अब फाइलों में नहीं, बल्कि मैदान में काम करेगी और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचेगा.

pushkar singh dhami haridwar visit: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्र में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत आयोजित चौपाल में पहुंचे. उन्होंने जनता के बीच बैठकर सीधे संवाद किया और साफ संदेश दिया कि सरकार अब फाइलों में नहीं, बल्कि मैदान में काम करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि हर शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी.
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और ग्राम प्रधानों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं. मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के आदेश दिए. उन्होंने जिलाधिकारी को भी निर्देश दिए कि सभी प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निवारण समय पर किया जाए और किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए. अधिकारियों को कहा गया कि जिन समस्याओं का तुरंत समाधान संभव है, उन्हें मौके पर ही निपटाया जाए.
मुख्यमंत्री ने चौपाल को केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सरकार की जवाबदेही का जीवंत प्रमाण बताया. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी जनसमस्या में कोई शिथिलता नहीं बरती जाएगी और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचेगा.
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने की दिशा में किए गए कार्यों का उल्लेख किया. अब तक 27,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को अवसर मिलेंगे और स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देकर प्रदेश का युवा आत्मनिर्भर बनेगा. किसानों के हितों और आय बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है.
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने को ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि यह सामाजिक समरसता, न्याय और समानता को मजबूत करने वाला निर्णय है. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से विकास कार्यों में गति आई है और योजनाएं बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं. उन्होंने जनता और सरकार के सहयोग से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के विकल्प रहित संकल्प को पूरा करने का भरोसा दिलाया.
