उत्तराखंड के देहरादून में एक 18 साल की युवती का शव सड़क किनारे बरामद हुआ. पुलिस ने इस मामले में युवती के चचेरे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
देहरादून में मिला युवती का शव
उत्तराखंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. उत्तराखंड के देहरादून के विकासनगर में एक 18 साल की युवती का शव सड़क किनारे बरामद हुआ है. जानकारी के मुताबिक युवती का शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिला है. युवती 12वीं की छात्रा थी. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में इस मामले को हत्या का मामला माना जा रहा है.
युवती के सिर पर गंभीर चोट
इस मामले में देहरादून SSP अजय सिंह ने बताया कि बुधवार रात को पुलिस को सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो युवती के सिर पर कई चोटों के गंभीर निशान पाए गए हैं. जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर लड़की के चचेरे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
परिजनों ने लगाया चचेरे भाई पर आरोप
युवती का चचेरा भाई घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने जांच के दौरान युवती के परिजनों से भी बात की. युवती के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या चचेरे भाई ने की है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को शाम के समय युवती अपने चचेरे भाई के साथ में अस्पताल जाने की बात कहकर अपने घर से निकली थी. जानकारी के मुताबिक युवती का चचेरा भाई मोटरसाइकिल से युवती को लेकर गया था, लेकिन उसके बाद युवती घर पर नहीं लैटी.
पुलिस ने मामला किया दर्ज
मृत युवती के पिता ने इस पूरे मामले में युवती चचेरे भाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा है. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को बनाकर तलाशी शुरू कर दी है. पुलिस लगातार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें- KGMU आरोपी डॉक्टर रमीज मलिक का पार्टनर शारिक खान पीलीभीत से गिरफ्तार, निकाह में बना था गवाह
