Wrestler Gaurav Chahar: संत प्रेमानंद महाराज के प्रति अपनी अटूट आस्था का प्रदर्शन करते हुए गौरव ने आगरा से वृंदावन तक की लगभग 90 किलोमीटर की दूरी किसी वाहन से नहीं, बल्कि अपनी कमर से दो भारी गाड़ियों को खींचते हुए पूरी की.
Mathura News: संत प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए भक्त दूर-दूर से आते हैं. उनके भक्तों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है. लोग उनसे मिलने की चाहत में वह हर संभव प्रयास करते हैं. कोई पैदल चलकर तो कोई दंडवती करता हुआ वृंदावन पहुंचता है. क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा प्रेमानंद के अनन्य भक्त हैं. आए दिन प्रेमानंद के दर्शन को आते रहते हैं. ऐसा ही संत प्रेमानंद का एक भक्त आगरा के अकोला से 90 किलोमीटर अपने शरीर से गाड़ी को बांधकर पहुंचा. 2 अप्रैल से शुरू हुई यह यात्रा रविवार को वृंदावन पहुंची.
90 Km की दूरी तय कर वृंदावन पहुंचे गौरव
संत प्रेमानंद महाराज से मिलने की चाहत में आगरा के गौरव चाहर ने अपनी श्रद्धा का प्रदर्शन करते हुए एक असाधारण पदयात्रा पूरी की. पहलवान गौरव चाहर 2 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे अपने गांव अकोला से कमर से रस्सी बांधकर एक कार और एक थार गाड़ियों को खींचते हुए पैदल वृंदावन पहुंचे. करीब 90 किलोमीटर की दूरी तय कर वृंदावन पहुंचे गौरव का जोरदार स्वागत किया गया.
अटूट संकल्प और कठिन साधना
कोला चाहरवाटी निवासी गौरव चाहर ने तपती धूप और शारीरिक चुनौतियों का सामना करते हुए यह साहसिक यात्रा पूरी की. इस सफर में उनके पिता, परिजन और मित्रगण साथ रहे. गौरव का उद्देश्य संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करना है. वे उनसे वार्ता कर आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं. संत दर्शन की अभिलाषा लिए वो आगरा से वृंदावन पहुंचे.
संत प्रेमानंद महाराज के प्रति उनकी गहरी आस्था
गौरव ने बताया, संत प्रेमानंद महाराज के प्रति उनकी गहरी आस्था ही उन्हें इस कठिन साधना को पूरा करने की शक्ति दे रही है. गौरव का मानना है कि महाराज के प्रति उनकी श्रद्धा ने ही उन्हें यह कठिन यात्रा पूरी करने में मदद की. उनके इस जज्बे को देखकर हर कोई दंग रह गया. सोशल मीडिया से लेकर जमीन तक, गौरव की इस पदयात्रा की चर्चा कर रहे हैं. लोग इसे केवल शारीरिक बल का प्रदर्शन नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और भक्ति की पराकाष्ठा मान रहे हैं.
