चंडीगढ़ के कई स्कूलों को गुरुवार को बम की धमकी का ई-मेल मिला है. धमकी मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है. पुलिस, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई हैं. स्कूल की तलाशी की जा रही है.

चंडीगढ़ के स्कूलों को बम की धमकी
चंडीगढ़ के कुछ स्कूलों में इस समय हड़कंप मचा हुआ है. इस हड़कंप के पीछे की वजह एक ई-मेल है. चंडीगढ़ के कई स्कूलों के मैनेजमेंट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला है. ई-मेल की सूचना मिलने के बाद प्रशासन तुरंत ही एक्शन में आ गया है. स्कूलों को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है. शहर के कई नामी स्कूलों को धमकी भरा मेल मिला है. जिसके बात अभिभावक काफी चिंता में हैं.
प्रशासन मौके पर मौजूद
जानकारी के मुताबिक धमकी मिलते ही पुलिस की कई टीमों के साथ बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा को लेकर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की गाड़ियों को भी स्टैंडबाय पर रखा गया. फिलहाल पुलिस और बाकी टीमें सभी स्कूलों के क्लास रूम, डेस्क और छोटी-छोटी जगहों पर तलाशी कर रहे हैं.
पिछले कुछ समय से मिल रही धमकी
पुलिस की टीम ई-मेल के पीछे की बातों को भी पता लगा रही है. पुलिस पता लगा रही है कि ये मेल किसने और कहां से भेजे हैं. आपको बता दें कि पिछले कुछ समय से पंजाब और हरियाणा के कई स्कूलों में धमकी भेजे जाने का सिलसिला चल रहा है. कुछ दिनों पहले पटियाला और मोगा के स्कूलों में भी इसी तरह की धमकी मिली थी. जिसके बाद जांच के दौरान वहां कुछ भी नहीं मिला था.
साइबर टीम कर रही मेल की जांच
चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि भले ही ये धमकी भरे ई-मेल नकली और झूठे हों, लेकिन बच्चों की जान और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता है. धमकी मिलने के बाद पूरे प्रोटोकॉल के साथ तलाशी और सैनिटाइजेशन ऑपरेशन को चलाया जा रहा है. साइबर सेल की टीम लगातार मेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगने की कोशिश कर रही है. फिलहाल स्कूल के चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें- कानपुर में आसमान से निगरानी! पुलिस की गांजा तस्करों पर हाईटेक कार्रवाई; 8 गिरफ्तार, 7 महिलाएं भी शामिल
