कानपुर के सचेंडी इलाके में पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस कार्रवाई में ड्रोन तकनीक की मदद ली है. हाईटेक कार्रवाई करके भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है.

कानपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने नशे के कारोबार पर सख्त एक्शन लिया है. कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अभी तक की सबसे बड़ी और हाईटेक कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने ऑपरेशन व्हाइट पाउडर के तहत एक अभियान चलाया और उसके तहत ड्रोन की मदद से गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस ऑपरेशन में ड्रोन की मदद ली है.
ड्रोन की मदद से की सटीक लोकेशन
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इस कार्रवाई में पहली बार ड्रोन कैमरों की मदद लेकर पतली गलियों और घरों की छतों पर होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी है. पुलिस ने ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए संदिग्ध लोकेशन निकाली और सटीक लोकेशनों पर पुलिस की टीमों ने एक साथ छापेमारी की. पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपियों को भागने का मौका ही नहीं मिला.
4-5 लाख का रोज बेचा जाता था गांजा
पुलिस ने छापेमारी करके 7 महिलाओं और 1 पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से इलाके में गांजे की पुड़िया बनाकर सप्लाई कर रहे थे. पुलिस ने मौके से आरोपियों के पास से लगभग 3 किले से ज्यादा अवैध गांजा और लगभग 92 हजार रुपए की नकदी बरामद की है. पुलिस जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क हर रोज 4-5 लाख रुपए का गांजा बेचता था.
70 जवानों ने की इलाके में घेराबंदी
इस कार्रवाई के दौरान ऑपरेशन में क्राइम ब्रांच, पनकी और सचेंडी थाना पुलिस के जवानों के साथ रिजर्व पुलिस फोर्स के जवान शामिल रहे. इस ऑपरेशन के दौरान 70 जवानों ने घेराबंदी करते हुए कार्रवाई की. एडीसीपी क्राइम सुमित एस रामटेके ने बताया कि सचेंडी और आसपास के इलाकों से लगातार नशीले पदार्थों के बेचे जाने की सूचना मिल रही थी. जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में ड्रोन तकनीक की मदद लेकर बड़ी कार्रवाई की है.
यह भी पढ़ें- पुलिसकर्मी ने की भिखारी की हत्या, रचना चाहता था अपनी मौत की कहानी; नौकरी से किया गया था बर्खास्त
