हाथरस में सेवा से बर्खास्त एक पुलिसकर्मी ने अपनी मौत का झूठा नाटक रचने के लिए एक भिखारी की हत्या कर दी. जिसके बाद उसने शव के पास अपना पहचान पत्र और कुछ सामान रख दिया. पुलिस ने मामले में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिसकर्मी ने की भिखारी की हत्या
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां नौकरी से बर्खास्त किए गए पुलिसकर्मी ने अपनी मौत का नाटक करने के लिए एक भिखारी की हत्या कर दी. पुलिस को 12 मार्च को उत्तर पूर्व रेलवे के हाथरस रोड हॉल्ट के पास एक टिन शेड के नीचे अज्ञात बुजुर्ग का शव बरामद हुआ था. जिसके बाद सरकारी रेलवे पुलिस GRP ने मामले की जांच शुरू की थी.
सिपाही पद पर तैनात था आरोपी
मामले की जांच के दौरान यह पूरा मामला सामने आ गया. जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर तैनात 55 साल के रामवीर सिंह नाम के व्यक्ति ने हत्याकांड को अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि आपराधिक गतिविधियों के कारण उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था. जिसके बाद रामवीर ने एक भिखारी को निशाना बनाया. रामवीर ने भिखारी की हत्या करके उसके शव को जला दिया.
शव के पास रख दिया पहचान पत्र
आरोपी ने शव के पास अपना पहचान पत्र और कुछ सामान रख दिया, जिससे पुलिस को यह लगे कि रामवीर की मौत हो गई. हालांकि मामले में जांच के दौरान कुछ ऐसे सबूत मिले, जिससे पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया. मामले में सबूतों और इनपुट के आधार पर पुलिस ने 14 अप्रैल को आरोपी रामवीर को मैनपुरी जिले के किशनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
हाथरस सिटी GRP थाना प्रभारी सुयश सिंह ने बताया कि आरोपी रामवीर का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है और उसके खिलाफ अलीगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, मैनपुरी, बदायूं और फिरोजाबाद समेत कई जिलों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. आरोपी के खिलाफ कई जिलों में हत्या, अपहरण, लूट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. फिलहाल यह सामने नहीं आया है कि इस हत्या के पूछे का क्या उद्देश्य था. मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र TCS मामले में बड़े खुलासे! तौसीफ, रजा, शफी सभी आरोपी थे टीम लीडर; महिलाओं को फंसाने का था टारगेट
