UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भीषण और चिलचिलाती गर्मी के बीच शुक्रवार शाम मौसम ने ऐसी करवट ली कि लोगों के चेहरे खिल गए. प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों, खासकर दिल्ली-एनसीआर से सटे इलाकों में अचानक धूल भरी आंधी के साथ हुई तेज बारिश ने बढ़ते पारे पर लगाम लगा दी है. इस दौरान यूपी के एक बड़े हिस्से में 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई. इन तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, 18 अप्रैल से उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम फिर से शुष्क होने वाला है. शनिवार को धूप खिलेगी और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है.
आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
उत्तर प्रदेश में 18 अप्रैल 2026 को मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क रहने की संभावना है. IMD रिपोर्ट के अनुसार पूरे राज्य में आसमान साफ रहेंगे. बारिश की कोई संभावना नहीं है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच सकता है. अधिकतम तापमान 38°C से 43°C के बीच रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 22°C से 25°C तक रहने का अनुमान है.आगरा, प्रयागराज और कानपुर जैसे शहरों में गर्मी का असर ज्यादा तेज महसूस होगा. राज्य के बुंदेलखंड के झांसी और बांदा में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सितम झेलना पड़ रहा है.
बढ़ेगा तापमान
आईएमडी की मानें तो 16 से ज्यादा जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग का मानना है कि अगले 2 दिन में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंच सकता है. फिर इसके बाद एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों पर आसमान पर बादल छाए नजर आ सकते हैं और कई हिस्सों पर गरज के साथ आंधी परेशान कर सकती है. बात करें अभी की तो, बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है.
जानिए लखनऊ और मध्य यूपी का हाल
राजधानी लखनऊ और कानपुर जैसे मध्य यूपी के जिलों में शुक्रवार को मौसम थोड़ा अलग रहा. यहां पश्चिमी यूपी जैसी बारिश तो नहीं हुई, लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रही. लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. सुबह से चलने वाली पूर्वी हवाओं ने राहत देने के बजाय उमस को और बढ़ा दिया. मौसम विभाग के अनुसार, 18 अप्रैल यानी शनिवार को लखनऊ और कानपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और बारिश की संभावना काफी कम है. यहां शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. आगरा, कानपुर, मेरठ, नोएडा और प्रयागराज में दिन के समय अत्यधिक गर्मी महसूस होगी. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत की कोई संभावना नहीं है.
नोएडा और दिल्ली-एनसीआर का मौसम
नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगले 5 से 7 दिनों में यूपी के कई जिलों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है. हालांकि, बीच-बीच में चलने वाली तेज हवाएं और हल्की आंधी अस्थायी राहत दे सकती हैं, लेकिन गर्मी का असल दौर अब शुरू होने वाला है.
जानें तापमान का हाल
लखनऊ में आज अधिकतम 40°C और न्यूनतम 23°सेल्सियस, आगरा में 42°सेल्सियस / 23°C, कानपुर में 40°सेल्सियस/ 22°C, मेरठ में 40°सेल्सियस / 23°C, नोएडा में 38°C / 22°सेल्सियस और प्रयागराज में सबसे ज्यादा 43°C / 25°C तापमान रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में 18 अप्रैल को तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है, खासकर प्रयागराज और आगरा में. दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलना जोखिम भरा हो सकता है. लोगों को हल्के और सूती कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी जाती है. यह समय गर्मी के चरम की शुरुआत का संकेत दे रहा है, इसलिए सतर्कता और हाइड्रेशन सबसे महत्वपूर्ण है.
