Banda cyber fraud mobile gang: बांदा में पुलिस ने साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से भारी मात्रा में मोबाइल और उसके पार्ट्स बरामद हुए हैं.

बांदा पुलिस की बड़ा कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस ने साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है. बांदा में पुलिस ने मोबाइल से तैयार हो रही साइबर ठगी की कथित फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए अंतरराज्जीय गिरोह के बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में सामान भी बरामद किया है.
गिरफ्तार किए 9 आरोपी
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि सभी आरोपी फतेहगढ़ के रहने वाले हैं. यह पूरा गिरोह गांवों में घूमकर लोगों से पुराने या फिर खराब मोबाइल खरीदकर उन मोबाइलों को साइबर अपराधियों को बेच देता था. इस मामले में एसपी पलाश बंसल ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आपराधिक कुंडली खंगालने के लिए निर्देश दिए हैं.
भारी मात्रा में सामान बरामद
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास में कुछ लोग बड़ी संख्या में मोबाइल और उनके पार्ट्स मौजूद होने की पुलिस की सूचना मिली थी. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर छापेमारी करके सभी संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान तलाशी करने पर आरोपियों के पास से 88 मोबाइल फोन, 92 मोबाइल मदरबोर्ड, 66 बैटरियां, 20 फर्जी बिल, 7 बाइक और 11 हजार रुपए की नगदी बरामद हुई है.
राजस्थान-हरियाणा तक फैला गिरोह
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि गांवों में घूमकर वे लोगों से पुराने या चोरी के मोबाइलों को सस्ते में खरीद लेते थे. जिसके बाद उन मोबाइलों को साइबर ठगों को बेच देते थे. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह राजस्थान और हरियाणा तक फैला हुआ है और वहां कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं. पुलिस ने इस गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है.
यह भी पढ़ें- शक बन गया हमले की वजह! पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का था शक; युवक ने पड़ोसी पर किया तलवार से हमला
