Ghaziabad sword attack: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक युवक ने पत्नी के अवैध संबंध होने के शक के कारण अपने पड़ोसी पर तलवार से हमला कर दिया. इस हमले में युवक का कान बुरी तरह से कट गया.

युवक ने किया पड़ोसी पर हमला
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक को अपनी पत्नी पर शक था कि उसके अवैध संबंध चल रहे हैं. इसी शक के चलते उसने अपने पड़ोसी पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि युवक ने अपने पड़ोसी के ऊपर तलवार से हमला किया, जिससे पड़ोसी युवक का कान कट गया. इस पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
बाइक से गुजर रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला विजयनगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ विहार स्थित गोकुलधाम सोसाइटी का है. यहां एक युवक बाइक से सोसाइटी के गेट नंबर-1 के सामने से गुजर रहा था, इसी दौरान सोसाइटी में रहने वाले एक युवक ने पीछे से तलवार से युवक पर हमला कर दिया. इसी दौरान दोनों युवकों के बीच हाथापाई भी होने लगी. आरोपी की पहचान नितिन और पीड़ित की पहचान अभिषेक के रूप में की गई है.
घायल को कराया गया अस्पताल में भर्ती
तलवार से जैसे ही अभिषेक पर हमला हुआ, तो वह जमीन पर गिर गया. आपको बता दें कि आरोपी युवक का गुस्सा इतने में शांत नहीं हुआ, जिसके बाद उसने फिर हमला करने की कोशिश की. तलवार के हमले के कारण पीड़ित का कान कट गया. घटना के बाद लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल युवक को तुरंत ही अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल युवक का इलाज चल रहा है.
पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि आरोपी को उसकी पत्नी और पड़ोसी अभिषेक के बीच में अवैध संबंध होने का शक था, इसी कारण दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था. युवक ने इसी शक के चलते अभिषेक पर हमला कर दिया. इस मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह पूरी वारदात मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है.
यह भी पढे़ं- लखनऊ एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आया 14.50 करोड़ का ‘सुपर गांजा’ जब्त, तस्करों के उड़े होश
