लखनऊ: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई हुई है. हाल के हफ्तों में लखनऊ एयरपोर्ट ड्रग तस्करी का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है, जहां से करोड़ों का हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है. लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को 14.50 करोड़ कीमत का गांजा पकड़ा. आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है. पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है. शुरुआती जांच में पता चला है कि यह खेप बैंकॉक (थाईलैंड) से लाई जा रही थी. हाल ही में पकड़ी गई अन्य खेपें भी इसी रूट से आई थीं.
बैंकॉक से मस्कट होते हुए पहुंचा लखनऊ
तस्करों ने नशीले पदार्थ को चेक-इन लगेज के अंदर बड़ी चालाकी से वैक्यूम-सील्ड पैकेटों में छिपाया था. खुफिया सूचना के आधार पर एआईयू और सीसीएसआई की टीम ने यह कार्रवाई की. यात्री ओमान एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या WY-265 से बैंकॉक से मस्कट होते हुए सुबह करीब 8:20 बजे लखनऊ पहुंचा था. ग्रीन चैनल पर संदेह हुआ और इस आधार पर उसे रोका गया और उसके सामान की गहन जांच की गई. अधिकारियों को जांच के दौरान यात्री के बैग से 29 पारदर्शी वैक्यूम-पैक पाउच मिले. इन पाउच में हरे रंग का फूलनुमा पदार्थ था, जिसकी प्राथमिक जांच में गांजा/मारिजुआना (हाइड्रोपोनिक वीड) होने की पुष्टि हुई.
पुलिस की जांच जारी
अधिकारियों ने प्रतिबंधित पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43 के तहत जब्त कर लिया. आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है. पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है.
