Lucknow Jan Akrosh Mahila Padyatra: लखनऊ में आज नारी शक्ति वंदन बिल पर विपक्ष के रवैये को अपना हथियार बनाते हुए आधी आबादी पर फोकस करते हुए बीजेपी ने जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली. सीएम आवास से निकली यह पदयात्रा विधानसभा पर जाकर खत्म हुई. इस पदयात्रा में सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम शामिल हुए. इसके अलावा यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सहयोगी दल से आशीष पटेल समेत यूपी सरकार में तमाम मंत्री, महिला मोर्चा की पदाधिकारी शामिल हुए.
सीएम योगी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा जैसी पार्टियों की मानसिकता हमेशा महिला विरोधी रही है, जबकि भाजपा ने उन्हें शासन और प्रशासन में भागीदारी दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के बाहर महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के नए संशोधन को बाधित करने और सदन में उस प्रस्ताव को गिराने के खिलाफ देशभर में जो आक्रोश रैली निकल रही है, उस आक्रोश रैली के क्रम में आज यूपी में भी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके और इंडी गठबंधन के उन सभी सहयोगियों का विरोध करने के लिए आज लखनऊ में भी मातृशक्ति के द्वारा यह आक्रोश प्रदर्शन किया गया.
महिला विरोधी आचरण के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन
सीएम योगी ने आगे कहा कि इनके सामने प्रधानमंत्री मोदी ने जो विकल्प दिया था, अपनी महिला विरोधी छवि को समाप्त करने के लिए उसका इन्होंने नाजायज दुरुपयोग करने का प्रयास किया है और आज इसीलिए देशभर में आधी आबादी कांग्रेस और उनके सहयोगी दलों के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन कर रहा है. पिछले 11-12 साल में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर जो परिवर्तन देखने को मिला है. उसमें उन्होंने सदैव इस बारे में कहा है कि देश के अंदर केवल चार जातियां हैं. कन्या सुमंगला योजना और उज्ज्वला जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए सीएम ने इसे नारी सशक्तिकरण का आधार बताया.
सबका केंद्र बिंदु आधी आबादी नारी शक्ति
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उनमें पहली जाति है महिला की, दूसरी जाति है गरीब की, तीसरी जाति है युवा की और चौथी जाति है किसान की और उन्होंने सभी नीतियों को इन्हीं चार के इर्द-गिर्द केंद्रित करते हुए देश को आज आर्थिक उन्नति के एक नए सोपान तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की है. देश के अंदर इंफ्रास्ट्रक्चर के इस नए युग का कार्य हो या फिर देश के अंदर समाज के अलग-अलग तबके के उत्थान के लिए चलने वाली योजनाएं इन सबका केंद्र बिंदु आधी आबादी नारी शक्ति है, जिसके सम्मान, जिसकी सुरक्षा और जिसके स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रम चले हैं.
बीजेपी का मिशन 2027 में आधी आबादी
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं ऐसे में बीजेपी आधी आबादी को फोकस करते हुए अब महिलाओं के बीच यह संदेश पहुंचाने में जुटी हुई है कि कांग्रेस और सपा उनके विरोधी है. ऐसे में अगर महिलाओं के बीच यह संदेश पहुंच गया तो 2027 में बीजेपी की रहे आसान हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: देवभूमि में दोहरा मौसम! चारधाम यात्रा मार्ग पर बर्फबारी का अलर्ट, वहीं देहरादून से हरिद्वार तक ‘हीटवेव’ का टॉर्चर
