UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है और तेज धूप लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है. गर्म हवाओं और लू के कारण मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है. बुंदेलखंड के बांदा और झांसी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. राज्य के कई हिस्सों पर लू का अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी की मानें तो आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, सुलतानपुर, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर और हरदोई समेत कई शहरों में पारा सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस ऊपर है. आने वाले दिनों में हवाओं की गति तेज होगी और दिन के साथ रात में भी गर्मी सताएगी. लिहाजा, लोगों को अब दिन के साथ रात में भी सावधान रहने की आवश्कता है. राज्य में बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है.
आज कैसा है मौसम
21 अप्रैल को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज जैसे जिलों में लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा. इसके अलावा, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे पश्चिमी जिलों में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट है, जहां रात का तापमान भी 25 से 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. फिलहाल अगले एक हफ्ते तक इस प्रचंड गर्मी से राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे प्रदेशवासियों को अब और भी अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है.
यूपी में लू का तांडव
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का तांडव जारी है. 21 अप्रैल 2026 को लेकर मौसम विभाग (IMD) ने प्रयागराज, वाराणसी और बांदा समेत 26 जिलों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है. वहीं, मेरठ और सहारनपुर जैसे पश्चिमी जिलों में ‘वॉर्म नाइट’ की चेतावनी दी गई है, जिससे अब रातें भी झुलसाने वाली होंगी. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, प्रयागराज में पारा 44.6 डिग्री के पार पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है.
IMD की चेतावनी
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में कोई भी सक्रिय मौसमी सिस्टम ऐसा नहीं है जिसकी वजह से यूपी में बारिश हो. हालांकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल से हिमालयी क्षेत्रों में दस्तक देने वाला है, लेकिन मैदानी इलाकों, विशेषकर उत्तर प्रदेश में इसका असर न के बराबर रहने की संभावना है. लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पछुआ जेट स्ट्रीम और शुष्क हवाओं के कारण वातावरण में नमी की भारी कमी हो गई है, जिससे ‘हीट इंडेक्स’ बढ़ गया है.
जानिए लखनऊ और आसपास का हाल
लखनऊ में 21 अप्रैल को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और सूरज के तेवर तीखे बने रहेंगे. यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, 26 अप्रैल तक यहां पारे में और भी बढ़ोतरी देखी जा सकती है.
ये रहा प्रयागराज और वाराणसी का हाल
प्रयागराज फिलहाल प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. वाराणसी में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं, जहां पारा 44 डिग्री के पार है. पूर्वांचल के इन जिलों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है.
कानपुर और रुहेलखंड
कानपुर, शाहजहांपुर और बदायूं जैसे जिलों में भी गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है. कानपुर मंडल में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक बना हुआ है. बरेली और शाहजहांपुर में भी पछुआ हवाओं के कारण लू जैसे हालात हैं. अभी तापमान और बढ़ेगा.
बुंदेलखंड में बरस रही आग
बुंदेलखंड के बांदा और झांसी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. बांदा प्रदेश के सबसे गर्म स्थानों में से एक बना हुआ है. हमीरपुर में न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य की सबसे गर्म रात रही. अगले 48 घंटे (21-22 अप्रैल) मौसम के लिहाज से गंभीर हैं, लू से बचाव बहुत जरूरी है.
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने इस भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों के लिए गाइडलाइन जारी की है. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सीधे धूप में निकलने से बचें. छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार व्यक्तियों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है. पर्याप्त पानी पिएं और घर में बने पेय जैसे नींबू पानी, छाछ, लस्सी और ओआरएस (ORS) का सेवन करें. हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें. बाहर निकलते समय सिर को छाते या कपड़े से ढकें. किसान भाई शाम के समय अपनी फसलों की हल्की सिंचाई करें ताकि नमी बनी रहे.
ये भी पढ़ें: लखनऊ में रिश्ते शर्मसार! पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या; गला घोंटकर चेहरे पर डाला तेजाब
