उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पुलिस ने गैंगस्टर शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव की करोड़ों की संपत्ति की कुर्क कर लिया है. यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे आपराधिक गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई है.

फतेहपुर में गैंगस्टर की संपत्ति कुर्क
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. अब पुलिस ने इसी अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है. फतेहपुर के मालवां थाना पुलिस ने गैंगस्टर शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव के ऊपर कार्रवाई करते हुए उसकी लगभग 1 करोड़ 77 हजार 680 रुपए की अचल संपत्ति को कुर्क किया है. पुलिस ने बताया कि अपराधी मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था.
नौकरी दिलाने के नाम पर करता था ठगी
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि शैलेंद्र सिंह उर्फ राजू यादव कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है और वह मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था. इसी के साथ उसके ऊपर धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक शैलेंद्र लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों को संगठित तरीके से अंजाम दे रहा था.
1 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अवैध कमाई से संपत्ति को बनाया था. पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अवैध संपत्ति को अपने परिवार और अपने जान पहचान के लोगों के नाम पर दर्ज करवा रखा था. जिसके ऊपर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुर्क कर लिया है. कुर्क की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 77 हजार 680 रुपए बताई जा रही है.
पत्नी और बहन के नाम पर थी संपत्ति
जानकारी के मुताबिक आरोपी शैलेंद्र के खिलाफ कोतवाली नगर में गैंगस्टर एक्ट और कई गंभीर धाराओं में पहले से ही मामले दर्ज हैं. पुलिस द्वारा कुर्क की गई संपत्तियों में आरोपी की पत्नी प्रतिभा यादव, बहन नीलम देवी और सहयोगी आशा सिंह के नाम पर दर्ज संपत्तियां शामिल हैं. पुलिस बल की मौजूदगी के दौरान यह कार्रवाई की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध कमाई और अपराध के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें- पवन खेड़ा की जमानत याचिका पर सुनवाई आज, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की थी याचिका
