उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दूल्हे को बारात के दिन ही गोली मार दी गई. इस घटना में दूल्हे की मौत हो गई. दूल्हे की चलती हुई कार पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला किया. पुलिस मामले में जांच कर रही है.

दूल्हे की गोली मारकर हत्या
उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र में मनेच्छा बादशाही मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हे की गोली मार दी. इस घटना में दूल्हे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि चेहरे पर नकाब लगाए बाइक सवार बदमाशों ने चलती कार पर सामने से फायरिंग की. दूल्हे के ऊपर 3 राउंड फायर किए गए जिससे उसकी मौत हो गई.
घर से 5 किमी दूर पर हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक दूल्हे के घर से 5 किमी दूर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए. जानकारी के मुताबिक जौनपुर जिले के रहने वाले आजाद बिंद की शादी उनके घर से 10 किलोमीटर दूर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव से हो रही थी. शाम के समय घर से बारात निकली और 5 किमी दूर पहुंच पाई थी इसी दौरान दूल्हे की हत्या कर दी गई.
अस्पताल ले जाते हुए मौत
दूल्हे पर अचानक हमले से हड़कंप मच गया, जब तक किसी को कुछ समझ आया, उतनी देर में दूल्हा खून से लथपथ हो गया. घटना के बाद तुरंत ही दूल्हे को अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि रास्ते में ही युवक की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चेहरे पर नकाब लगा रहा था और बाइक में नंबर प्लेट भी नहीं थी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
दूल्हे की बहन ने बताया कि 2 दिनों पहले उसके भाई को धमकी भी मिली थी. दूल्हे के पिता ने बताया कि 3 साल पहले उनके और उनके बेटे के कुछ लोगों ने हाथ पैर तोड़ दिए थे. मामले में जानकारी देते हुए एसपी कुंवर सिंह ने बताया कि शादी से नाराज लड़की के प्रदीप नाम के रिश्तेदार ने अपने साथी ने साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है. फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- पुणे में 4 साल की मासूम से दुष्कर्म, पत्थर से कुचलकर हत्या; ग्रामीणों ने जाम किया हाईवे जाम
