हापुड़ न्यूज : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक ऐसी डराने वाली घटना सामने आई है, जिसने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज में जड़ जमाए अंधविश्वास के स्याह चेहरे को भी उजागर कर दिया है. यहां सोटावाली गांव में एक किशोर के अंतिम संस्कार के दौरान तीन संदिग्ध युवकों द्वारा जलती चिता से उसकी खोपड़ी लेकर फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया. सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध मोपेड पर आते-जाते दिखे, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है.
पढ़िए क्या है मामला ?
घटना की शुरुआत सोटावाली गांव से होती है, जहां रहने वाले किशोर शुभांशु की पिछले कुछ समय से पेट की गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई थी. युवा बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ था.परिवार और गांव के लोगों ने भारी मन से रीति-रिवाज के साथ गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया. अंतिम संस्कार के कुछ देर बाद परिजन और ग्रामीण वापस अपने घरों की ओर लौटे, तब किसी ने सोचा भी नहीं था कि पीछे से कोई ऐसी घिनौनी हरकत को अंजाम देगा. ग्रामीणों ने जब मौके पर जाकर देखा तो उन्हें चिता से सिर गायब होने की आशंका हुई.
जलती चिता के साथ छेड़छाड़ और खोपड़ी की चोरी
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो, जैसे ही श्मशान घाट सूना हुआ, वहां तीन संदिग्ध युवक पहुंचे. बताया जा रहा है कि इन लोगों ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए जलती चिता के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी. तंत्र-मंत्र के काले खेल की आशंका के चलते, उन युवकों ने चिता से किशोर की खोपड़ी निकाली और उसे लेकर फरार होने लगे. इसी बीच कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने शोर मचाया. ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
तंत्र-मंत्र की आशंका
इस घटना के बाद से पूरे सोटावाली गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का मानना है कि यह सीधे तौर पर अघोरी क्रिया या तंत्र-मंत्र से जुड़ा मामला है, जिसमें शवों के अंगों का प्रयोग किया जाता है. स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि एक मृत शरीर की गरिमा को इस तरह तार-तार किया गया.
क्या कहती है पुलिस
पुलिस का दावा है कि आरोपितों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा.
