gorakhpur janta darbar: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे के दौरान गोरखनाथ मन्दिर में पूजा पाठ व गौ सेवा करने के बाद मन्दिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में लगातार दूसरे दिन लोगों की समस्याएं सुनीं. जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से उन्होंने आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा और आश्वस्त किया कि सरकार इलाज कराने में भरपूर मदद करेगी.

इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि कोई भी जरुरतमंद इलाज से वंचित नहीं रहेगा और हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए.
हर जरुरतमंद बनवाए आयुष्मान कार्ड
गोरखपुर में बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.
जनता दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे, जिन्होंने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की. मुख्यमंत्री ने उनसे आयुष्मान भारत योजना के तहत बनने वाले आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति का कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि इलाज में किसी को परेशानी न हो.
सीएम योगी ने दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने कहा कि अस्पताल का इस्टीमेट मिलते ही विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता की हर समस्या का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इलाज पैसे के अभाव में नहीं रुकेगा
जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं. मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट दिया, उनका हालचाल पूछा और उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया. सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर जरूरतमंद के साथ सरकार खड़ी है किसी का इलाज पैसे के अभाव में नहीं रुकेगा. फिलहाल जनता दर्शन के जरिए मुख्यमंत्री लगातार आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दे रहे हैं.
