उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से 6 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई. शाम के समय पर बच्चे मकान के पास में खेल रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया.

दीवार गिरने से बच्ची की मौत
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान की दीवार और स्लैब गिरने के कारण 6 साल की बच्ची की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक दीवार गिरने से मासूम बच्ची मलबे के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौत हो गई. यह घटना मंगलवार देर शाम को अंबेडकर नगर इलाके में हुई है.
मकान के पास में खेल रहे थे बच्चे
बताया जा रहा है कि बच्चे शाम के लगभग 7.30 बजे के आसपास निर्माणाधीन मकान के पास खेल रहे थे. इसी दौरान जर्जर दीवार और लेंटर का एक हिस्सा अचानक गिर गया. दीवार गिरने से मौके पर खेल रहे बच्चों में हड़कंप मच गया. इस घटना में मजदूरी करने वाले रोहित नाम के व्यक्ति की 6 साल की बेटी मलबे के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौत हो गई.
लोगों ने लगाया लापरवाही का आरोप
बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. जिसके बाद मलबा हटाया गया, हालांकि जब तक काफी देर हो गई थी. जानकारी के मुताबिक गोपालपुर रोड पर मौजूद अंकित के मकान में निर्माण कार्य चल रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया. स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद निर्माण कार्य में लापरवाही की आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्र में बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के निर्माण किया जा रहा था.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की तहरीर और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. पुलिस मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- होटल में गर्लफ्रेंड के साथ था युवक, सुबह कमरे से मिला शव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
