PM Modi in Hyderabad: हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी और सीएम रेवंत रेड्डी के बीच गुजरात मॉडल को लेकर दिलचस्प संवाद हुआ, जहां पीएम ने चुटीले अंदाज में केंद्र की मदद का गणित समझाया. प्रधानमंत्री ने तेलंगाना को 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिसमें देश का पहला पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क भी शामिल है.

PM Modi in Hyderabad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बीच रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान हल्का-फुल्का लेकिन दिलचस्प संवाद देखने को मिला. हैदराबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने मंच साझा किया. इस दौरान रेवंत रेड्डी ने गुजरात मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी का सहयोग किया था, वैसे ही अब पीएम मोदी भी तेलंगाना के विकास में मदद करें. उन्होंने केंद्र से राज्य को और ज्यादा समर्थन देने की बात कही.
रेवंत रेड्डी की इस बात पर प्रधानमंत्री मोदी ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि अगर वो वही गुजरात फॉर्मूला तेलंगाना में लागू कर दें, जो उस समय गुजरात को मिलता था, तो आज तेलंगाना को जो सहायता मिल रही है, वह आधी रह जाएगी. पीएम मोदी ने कहा कि रेवंत रेड्डी ने उनसे राजनीति की बात न करने को कहा था, इसलिए वह सिर्फ गैर-राजनीतिक मुद्दों पर ही बात करेंगे. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 10 वर्षों में गुजरात को जितना दिया, उतना तेलंगाना को देने के लिए भी वह तैयार हैं. लेकिन ऐसा हुआ तो राज्य को मौजूदा सुविधाओं से कम लाभ मिलेगा.
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को हैदराबाद में कई बड़ी विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने करीब 9,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की. कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और कई अन्य नेता मौजूद रहे. यह कार्यक्रम हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर यानी एचआईसीसी में आयोजित हुआ. यहां बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद थे.
पीएम मोदी ने जिन परियोजनाओं की शुरुआत की, उनमें सड़क, रेलवे और पेट्रोलियम से जुड़े कई बड़े काम शामिल हैं. उन्होंने हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे के तहत गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाने की परियोजना का शिलान्यास किया. इसके अलावा काजीपेट-विजयवाड़ा रेलवे मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के अलग-अलग हिस्सों का उद्घाटन भी किया गया. हैदराबाद में नए ग्रीनफील्ड पीओएल टर्मिनल और काजीपेट रेल अंडर बाईपास की शुरुआत भी इसी कार्यक्रम में हुई.
वारंगल में बने पीएम मित्र पार्क यानी काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री मोदी ने किया. करीब 1,700 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पार्क को देश का पहला पूरी तरह काम करने वाला पीएम मित्र पार्क बताया जा रहा है. सरकार का मानना है कि इससे तेलंगाना में टेक्सटाइल उद्योग को मजबूती मिलेगी और हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार तेलंगाना के विकास के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है और आने वाले समय में राज्य को और भी कई परियोजनाओं का फायदा मिलेगा.
