PM Modi Hyderabad Speech: प्रधानमंत्री मोदी ने आर्थिक दबाव और बढ़ते ईंधन दामों के मद्देनजर देशवासियों से वर्क फ्रॉम होम और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील की है ताकि विदेशी मुद्रा और पेट्रोल-डीजल की बचत हो सके. उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के लिए बेकार के खर्चों, विदेश यात्राओं और सोने की खरीद पर भी संयम बरतने का सुझाव दिया है.

PM Modi Hyderabad Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से अपील की कि पेट्रोल और डीजल का इस्तेमाल सोच-समझकर किया जाए. उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, वहां वर्क फ्रॉम होम को फिर से अपनाया जाए. पीएम ने यह बात हैदराबाद में एक जनसभा के दौरान कही. उन्होंने कहा कि आज दुनिया एक बड़े आर्थिक दबाव से गुजर रही है. इसका असर भारत पर भी साफ दिखाई दे रहा है. इसलिए देश को मिलकर सावधानी से आगे बढ़ना होगा.
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के पास बड़े तेल भंडार नहीं हैं. देश को अपनी जरूरत का ज्यादातर पेट्रोल, डीजल और गैस बाहर से आयात करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर पड़ोसी क्षेत्रों में चल रहे तनाव और युद्ध की वजह से ऊर्जा के दाम बहुत बढ़ गए हैं. इससे भारत पर विदेशी मुद्रा का बोझ भी बढ़ा है. ऐसे में ईंधन की बचत बहुत जरूरी हो गई है.
उन्होंने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय लोगों ने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था. तब ये चीजें मजबूरी में शुरू हुई थीं, लेकिन अब ये आदत बन सकती हैं. पीएम ने कहा कि अगर कुछ काम घर से किए जा सकते हैं तो उन्हें वहीं से करने की कोशिश करनी चाहिए. इससे न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि ईंधन की भी बचत होगी.
पीएम मोदी ने लोगों से यह भी अपील की कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल किया जाए. जहां मेट्रो, बस या अन्य सार्वजनिक साधन उपलब्ध हों, वहां निजी वाहनों का कम उपयोग हो. उन्होंने कार पूलिंग को भी बढ़ावा देने की बात कही. यानी एक ही गाड़ी में ज्यादा लोग सफर करें. इससे पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी और देश के संसाधनों पर दबाव घटेगा.
इसके अलावा पीएम ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विदेशी मुद्रा बचाना बहुत जरूरी है. उन्होंने लोगों से अनावश्यक विदेश यात्राओं और बड़े खर्चों से बचने की अपील की. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सोने जैसी चीजों की खरीद पर भी संयम रखना चाहिए. पीएम ने जोर देकर कहा कि ये छोटे-छोटे कदम देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा योगदान दे सकते हैं और हर नागरिक को इसमें भागीदार बनना चाहिए.
