pm modi appeal petrol diesel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक तनाव और बढ़ती तेल कीमतों के बीच देशवासियों से पेट्रोल-डीजल और सोने का सीमित इस्तेमाल करने की अपील की है ताकि देश की विदेशी मुद्रा बचाई जा सके. वडोदरा और सिकंदराबाद की सभाओं में उन्होंने पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान देने पर जोर दिया है.

pm modi appeal petrol diesel: मोदी ने लगातार दूसरे दिन देशवासियों से पेट्रोल-डीजल और सोने के इस्तेमाल को लेकर बड़ी अपील की है. गुजरात में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को इस समय विदेशी मुद्रा बचाने की जरूरत है. उन्होंने लोगों से कहा कि जहां जरूरी न हो वहां पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करें. साथ ही सोना खरीदने से भी बचें. पीएम मोदी का कहना है कि सोने के आयात पर भारत का काफी पैसा विदेश चला जाता है. ऐसे समय में देशहित को सबसे ऊपर रखना जरूरी है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में चल रहे तनाव और युद्ध का असर भारत पर भी पड़ रहा है. उन्होंने खास तौर पर मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का जिक्र किया. पीएम मोदी ने बताया कि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा दूसरे देशों से तेल खरीदकर पूरा करता है. ऐसे में अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा होता है तो उसका सीधा असर भारत पर पड़ता है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें देश की अर्थव्यवस्था पर बोझ बढ़ाती हैं. इसलिए हर नागरिक को जिम्मेदारी समझनी होगी.
गुजरात की सभा में प्रधानमंत्री ने लोगों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जहां संभव हो वहां निजी वाहनों की जगह बस, ट्रेन और मेट्रो का उपयोग करना चाहिए. इसके अलावा उन्होंने सरकारी और निजी दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की बात भी कही. पीएम मोदी ने कहा कि छोटे-छोटे कदम भी देश के लिए बड़ा योगदान बन सकते हैं. उन्होंने खाने के तेल के आयात का भी जिक्र किया और कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से काम करना होगा.
इससे पहले रविवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद में भी प्रधानमंत्री ने इसी मुद्दे पर लोगों से बात की थी. उन्होंने कहा था कि आने वाला समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है. इसलिए लोगों को अभी से सावधानी बरतनी चाहिए. पीएम मोदी ने एक साल तक सोना न खरीदने की अपील करते हुए कहा कि इससे विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिलेगी. उन्होंने बताया कि भारत के पास तेल के बड़े भंडार नहीं हैं और जंग की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें लगातार बढ़ रही हैं.
सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के वडोदरा भी पहुंचे. यहां उन्होंने सरदारधाम प्रोजेक्ट से जुड़ी कई योजनाओं का उद्घाटन किया. इस दौरान करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बने छात्रावास का लोकार्पण भी किया गया. पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के 75 साल पूरे होने पर चल रहे “सोमनाथ अमृत महोत्सव” का भी जिक्र किया. साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव नतीजों पर खुशी जताई और कहा कि देश में राजनीतिक स्थिरता बेहद जरूरी है.
