Noida Protest Violence: गौतम बुद्ध नगर पुलिस आयुक्त क्षेत्र में हाल ही में श्रमिकों द्वारा किए गए हिंसक प्रदर्शनों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई उकसाने वाली गतिविधियों और हिंसक घटनाओं के संबंध में, आयुक्त क्षेत्र के विभिन्न पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए हैं. पुलिस की जांच में हिंसक आंदोलन के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए सत्यम वर्मा के खाते में अलग-अलग देशों से एक करोड़ रुपये जमा करने की जानकारी मिली है. सत्यम वर्मा व आकृति पर पुलिस ने बुधवार को ही NSA लगाया था. दोनों फिलहाल जेल में हैं.
सत्यम वर्मा और आकृति के खिलाफ NSA
हिंसक प्रदर्शनों, आगजनी और श्रम आंदोलन के दौरान अराजकता फैलाने के संबंध में, इन उकसाने और हिंसक कृत्यों में शामिल दो आरोपियों, सत्यम वर्मा और आकृति, की महत्वपूर्ण भूमिका पाई गई है. परिणामस्वरूप, सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करने के आधार पर, दोनों आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई है. यह पता चला है कि आरोपी सत्यम वर्मा के निजी बैंक खाते में विभिन्न विदेशी देशों से डॉलर, पाउंड और यूरो के रूप में 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा की गई थी. इसके अलावा, आरोपी सत्यम वर्मा ने इन प्राप्त धनराशि को कई बार अपने अन्य निजी बैंक खातों में स्थानांतरित किया.
छानबीन जारी
सत्यम वर्मा विभिन्न संगठनों से जुड़े हैं, जिनकी वर्तमान में गहन जांच चल रही है. गौतम बुद्ध नगर पुलिस आयुक्त कार्यालय के मीडिया सेल के अनुसार, आरोपी सत्यम वर्मा के बैंक खातों के माध्यम से किए गए विभिन्न लेन-देन की गहन जांच, विश्लेषण और छानबीन वर्तमान में जारी है.
कब हुई थी नोएडा में हिंसा
नोएडा में 13 अप्रैल को श्रमिकों का आंदोलन हिंसक हो गया था. इस दौरान 300 से ज्यादा कंपनियों में तोड़फोड़ की गई थी और दो दर्जन से अधिक गाडिय़ों को जला दिया गया था. पुलिस की जांच में सामने आया कि कुछ संगठकों के सदस्यों ने आंदोलन को भड़काया था. भड़काऊ गतिविधियों व हिंसक घटनाओं में सत्यम वर्मा व आकृति की भूमिका पाई गई थी. विवेचना के दौरान सत्यम वर्मा के संबंध में कुछ अन्य चौंकाने वाले तथ्य भी सामनेआए हैं. नोएडा कमिश्नरेट की मीडिया सेल के मुताबिक, सत्यम वर्मा के व्यक्तिगत बैंक खाते में एक करोड़ से अधिक की धनराशि विभिन्न देशों से डॉलर, पाउंड व यूरो मुद्राओं के रूप में प्राप्त हुई हैं.
गौतम बुद्ध नगर पुलिस अब इन बैंक खातों के लेन-देन का गहन विश्लेषण और फॉरेंसिक ऑडिट कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विदेशों से पैसा भेजने वाले लोग कौन हैं और इस साजिश के तार कहां तक जुड़े हैं.
ये भी पढ़ें: आसमान में मंडराता खतरा! हैदराबाद एयरपोर्ट पर विमान को बम की धमकी; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
