Yogi Government: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. आंधी-पानी और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि के मामले में अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को 24 घंटे में सहायता राशि उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया है. इसके अलावा 33 प्रतिशत से ज्यादा फसल नुकसान पर किसानों को मुआवजा मिलेगा. सीएम योगी ने राहत काम में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है.
आपदा में मौत पर पीड़ित परिवार को मिलेंगे 4 लाख
रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा में अगर किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है तो अब 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी. इसके अलावा 33 फीसदी से अधिक फसल नुकसान होने पर किसानों को मुआवजा भी दिया जाएगा. प्राकृतिक आपदा से पशुहानि, खेतों से गाद हटाने और कृषि नुकसान के लिए भी अलग-अलग आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं. यह सहायता अधिकतम दो हेक्टेयर भूमि वाले किसानों को दी जाएगी.
दुधारू पशुओं की मौत पर भी मुआवजा
योगी सरकार आपदा से हुई दुधारू पशुओं जैसे गाय-भैंस की मृत्यु पर कुल 37,500 रुपए तक सहायता दी जाएगी. बैल और घोड़े जैसे गैर दुधारू पशुओं के लिए 32 हजार रुपए और बछड़ा, गधा, खच्चर और टट्टू के लिए कुल 20 हजार रुपए की सहायता राशि तय की गई है. भेड़, बकरी और सुअर के नुकसान पर भी 4 हजार रुपये हर पशु आर्थिक मदद दी जाएगी.
सरकार जनता के साथ खड़ी-योगी
मौसम बिगड़ने से प्रदेश के बीते 24 घंटे में 26 जिलों में 111 मौत हुई और 70 से ज्यादा लोग घायल हुए. इसके अलावा 170 जनहानि और 227 मकानों को क्षति पहुंची. खराब मौसम के चलते प्रयागराज में 21, मिर्जापुर में 19, संत रविदासनगर में 16 और फतेहपुर में 11 जनहानि हुईं. सीएम ने गुरुवार को कहा कि आपदा की इस घड़ी में जनता सरकार के साथ खड़ी है. सीएम ने किसानों, पशुपालकों और अन्य प्रभावित परिवारों को तेजी से राहत पहुंचान के निर्देश प्रशासन को दिए हैं.
