pakistan pm shehbaz sharif china visit: पाकिस्तान और चीन के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने पर पीएम शहबाज शरीफ ने चीन को सबसे भरोसेमंद साथी बताते हुए कहा कि चीन के बिना दुनिया आगे नहीं बढ़ सकती.

pakistan pm shehbaz sharif china visit: शहबाज शरीफ ने एक बार फिर चीन की खुलकर तारीफ की है. पाकिस्तान और चीन के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि चीन के बिना दुनिया आगे नहीं बढ़ सकती. शहबाज शरीफ ने दोनों देशों की दोस्ती को दुनिया का सबसे खास रिश्ता बताया. उन्होंने कहा कि चीन हर मुश्किल समय में पाकिस्तान के साथ मजबूती से खड़ा रहा है. इस दौरान उन्होंने चीन को पाकिस्तान का सबसे भरोसेमंद साथी भी बताया.
शहबाज शरीफ 23 से 26 मई तक चीन के दौरे पर जा रहे हैं. इस यात्रा में वह चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping और प्रीमियर Li Qiang से मुलाकात करेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरे में दोनों देशों के बीच कई बड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. पाकिस्तान की तरफ से कहा गया है कि यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाएगी. चीन की तरफ से भी इस दौरे को काफी अहम बताया गया है.
पाकिस्तान लंबे समय से हर बड़े मंच पर चीन का समर्थन करता आया है. चाहे वन चाइना नीति हो या चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा यानी सीपेक परियोजना. पाकिस्तान लगातार चीन को अपना सबसे करीबी दोस्त बताता रहा है. हाल के वर्षों में आर्थिक मदद, इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और कूटनीतिक समर्थन के कारण दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत हुए हैं. शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में कहा कि चीन ने बिना किसी शर्त के हमेशा पाकिस्तान की मदद की है. उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसी दोस्ती बहुत कम देखने को मिलती है.
अपने संबोधन में शहबाज शरीफ ने कहा कि चीन तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में दुनिया से काफी आगे है. उन्होंने कहा कि आज दुनिया की तरक्की में चीन की बड़ी भूमिका है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने यह भी दोहराया कि उनका देश हमेशा “एक चीन” नीति का समर्थन करता रहेगा. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बिना किसी डर और दबाव के चीन के साथ खड़ा रहेगा. साथ ही उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और मुश्किल समय में चीन ने हर बार पाकिस्तान का साथ दिया है.
चीन की सरकारी एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने भी पाकिस्तान को 75वीं वर्षगांठ पर शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान हर मौसम के दोस्त हैं. दोनों देश सुख और दुख में हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं. चीन के विदेश मंत्रालय ने भी कहा कि दोनों देशों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है और क्षेत्रीय शांति तथा विकास के लिए दोनों साथ काम कर रहे हैं. अब शहबाज शरीफ की इस यात्रा पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है.
