PM modi cabinet meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा तीर्थ में मंत्रियों के साथ करीब साढ़े चार घंटे तक बड़ी समीक्षा बैठक की, जिसमें 9 मंत्रालयों के कामकाज की रिपोर्ट देखी गई और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई.

PM modi cabinet meeting: प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार शाम केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ एक बड़ी बैठक की. यह बैठक करीब साढ़े चार घंटे तक चली. इसमें सरकार के कामकाज, विकास योजनाओं और आने वाले समय की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक राजधानी दिल्ली के सेवा तीर्थ में आयोजित की गई थी. इसमें सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य मंत्री शामिल हुए. मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने से पहले हुई इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक यह बैठक सरकार के कामकाज की समीक्षा के तौर पर आयोजित की गई थी. अलग-अलग मंत्रालयों ने पिछले कुछ महीनों में किए गए काम और योजनाओं की जानकारी दी. बैठक में यह भी देखा गया कि किन फैसलों का आम लोगों पर क्या असर पड़ा है. कुल 9 मंत्रालयों ने अपने काम का प्रेजेंटेशन दिया. सबसे पहले वाणिज्य मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट पेश की. इसके बाद पेट्रोलियम, गृह, वित्त और विदेश मंत्रालय समेत कई बड़े विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई.
सरकार की तरफ से मंत्रालयों को पहले ही निर्देश दिए गए थे कि वे अपने सुधारों को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर पेश करें. इसमें कानून में बदलाव, नियमों में बदलाव, नीति सुधार और काम करने के तरीके में बदलाव शामिल थे. साथ ही यह भी बताने को कहा गया कि इन सुधारों से लोगों की जिंदगी में क्या फर्क पड़ा. बैठक में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और सरकारी योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई. मंत्रालयों के बीच तालमेल और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर खास जोर दिया गया.
प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से कहा कि वे 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम करें. सरकार का लक्ष्य भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने का है. उन्होंने आम लोगों की जिंदगी आसान बनाने पर विशेष ध्यान देने की बात कही. इसके साथ ही पश्चिम एशिया यानी मिडिल ईस्ट में जारी तनाव पर भी बैठक में चर्चा हुई. सरकार का मानना है कि इस संकट का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है. इसलिए ऊर्जा, खेती, खाद, एविएशन, शिपिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों पर नजर रखने को कहा गया.
बैठक में विदेश मंत्री S. Jaishankar ने प्रधानमंत्री मोदी की हाल की पांच देशों की विदेश यात्रा की जानकारी भी साझा की. उन्होंने बताया कि इन दौरों से भारत को क्या फायदे मिले और आगे किस दिशा में काम किया जाएगा. वहीं रक्षा मंत्री Rajnath Singh और स्वास्थ्य मंत्री J. P. Nadda बैठक में शामिल नहीं हो सके. राजनाथ सिंह दक्षिण कोरिया दौरे पर हैं, जबकि जेपी नड्डा जिनेवा में मौजूद हैं. सरकार अब आने वाले समय में योजनाओं को तेजी से लागू करने पर फोकस कर रही है.
