UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर फिलहाल थमता नहीं दिख रहा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार यानी 22 मई को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग का मानना है कि अगले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी. मौसम विभाग ने फिलहाल, आगरा मंडल और प्रयागराज मंडल में रेड अलर्ट, लखनऊ मंडल में येलो अलर्ट जारी किया है.
यूपी के इन इलाकों में रेड अलर्ट
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम क्षेत्र में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. पूर्वी यूपी में पारा और ज्यादा चढ़ेगा. रात के तापमान में भी ज्यादा गिरावट नहीं होगी, जिससे उमस और बेचैनी बढ़ सकती है. फिलहाल पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 3 दिनों के लिए रेड वार्निंग जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है.
बांदा देश का सबसे गर्म जिला
पूरा बुंदेलखंड आग की तरह तप रहा है और बांदा में अधिकतम पारा 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. गुरुवार को बांदा प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा. हालांकि, अगले 2 दिन में पश्चिमी यूपी में मौसम थोड़ा बदल सकता है. खास तौर पर पूर्वी यूपी में हीट वेव से लेकर सीवियर हीट वेव (भीषण लू) तक की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी लू का असर बरकरार रहेगा.
यूपी में प्री-मानसून गतिविधियां
मानसून की एंट्री से पहले यूपी में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ेंगी. मौसम विभाग के अनुसार यहां 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. धूलभरी आंधी चलेगी और कई जगह अचानक तेज बारिश हो सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड क्षेत्र में लोकल थंडरस्टॉर्म ज्यादा सक्रिय रह सकते हैं. नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, मथुरा और सहारनपुर में मानसून 25 से 30 जून के बीच सक्रिय हो सकता है. यहां मानसून से पहले धूलभरी आंधी और तेज गर्जना वाले बादल बन सकते हैं.
कब पहुंचेगा यूपी में मानसून?
विशेषज्ञों के अनुसार, IMD के चार्ट के विश्लेषण से पता चलता है कि मानसून की बंगाल शाखा सबसे पहले पूर्वी यूपी में पहुंचेगी. इसकी दस्तक पहले पूर्वांचल में होगी. वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, देवरिया, आजमगढ़, गाजीपुर और प्रयागराज में 18 से 20 जून के बीच मानसून पहुंच सकता है. यहां प्री-मानसून बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के सेवा तीर्थ में साढ़े 4 घंटे तक चली मोदी की महा-बैठक, जानिए मंत्रियों को क्या मिले हैं गुप्त निर्देश!
