उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने साइबर ठगी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी लोगों को कॉल करके खुद को पुलिस अधिकारी बताते थे और लोगों से ठगी करते थे.

साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश
उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. जानकारी के मुताबिक कमिश्नरेट पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो खेतों में बैठकर पूरे देश के लोगों को निशाना बना रहे थे. बताया जा रहा है कि आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे और उनसे अवैध वसूली करते थे.
8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई सचेंडी थाना क्षेत्र पुलिस और साइबर क्राइम सेल के संयुक्त ऑपरेशन से की गई है. बताया जा रहा है कि आरोपी लोगों को फोन करके चाइल्ड पोर्नोग्राफी देखने के नाम पर डराते थे. इस गैंग के लोग खुद को पुलिस अधिकारी बताते थे और लोगों को कॉल करके केस दर्ज होने के नाम पर डराते थे.
मामले को रफा-दफा करने के नाम पर ठगी
लोगों को डराकर आरोपी मोटी रकम की मांग करते थे. इस मामले की पुलिस जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी ‘प्रतिबिंब पोर्टल’ और ‘एनसीआरपी पोर्टल’ पर दर्ज शिकायतों और डेटा के आधार पर लोगों की जानकारी को इकट्ठा करते थे. जानकारी को जुटाने के बाद आरोपी उन्हें फोन करके कानूनी कार्रवाई की धमकी देते थे और मामले को छिपाने के नाम पर वसूली करते थे.
कई राज्यों से जुड़े हैं तार
जानकारी के मुताबिक इस साइबर ठगी गिरोह के तार राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के साथ कई राज्यों से जुड़े हुए हैं. फिलहाल पुलिस ने पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इन्हें गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गैंग लंबे समय से साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था. इस मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली दंगों के आरोपी को हाई कोर्ट से राहत! 3 दिन का अंतरिम जमानत को मंजूरी; अदालत ने रखी कई शर्तें
