महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए जंगल में गई महिलाओं के ऊपर बाघ ने हमला कर दिया. इस घटना में 4 महिलाओं की मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद ग्रामीणों के अंदर वन विभाग के लिए काफी नाराजगी है.

महिलाओं पर किया बाघ ने हमला
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए गई 4 महिलाओं के ऊपर बाघ ने हमला कर दिया. इस घटना में चारों महिलाओं की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक बाघ ने इस कुल 13 महिलाओं के ऊपर हमला किया था. बताया जा रहा है कि यह हादसा सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही गांव के पास शुक्रवार को सुबह लगभग 6-7 बजे के दौरान हुई है.
घात लगाए बैठा था बाघ
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और डर का माहौल बना हुआ है. घटना को लेकर वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों ने नाराजगी दिखाई है. बताया जा रहा है कि गुंजेवाही गांव की महिलाएं हर रोज की तरह जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए गई थीं. इसी दौरान बाघ वहां पर पहले से घात लगाए बैठा था और महिलाओं के ऊपर हमला कर दिया. इस घटना में चारों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई.
मौके पर पहुंचा प्रशासन
मरने वाली महिलाओं की पहचान कवड़ाबाई दादाजी मोहुर्ले, अनीताबाई दादाजी मोहुर्ले, सुनीता कौशिक मोहुर्ले और संगीता संतोष चौधरी के रूप में की गई है. इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई. मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी करके सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
गांव वालों से की अपील
वन विभाग ने बाघ की हरकतों पर नजर रखने के लिए टीमों को तैनात किया है. प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे लोग जंगल की तरफ न जाएं. आपको बता दें कि चंद्रपुर जिले में पिछले कुछ समय से बाघ के हमलों की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं. इस बार एक साथ 4 महिलाओं की मौत से ग्रामीणों के अंदर वन विभाग को लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है.
यह भी पढे़ं- खेतों में बैठ खुद को बताते थे पुलिस! कानपुर में साइबर ठगी गैंग का पर्दाफाश; 8 आरोपी गिरफ्तार
