राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार बस पलट गई. इस घटना में बस के अंदर मौजूद 40 यात्री घायल हो गए. इन यात्रियों में 7 लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है.
अलवर में सड़क हादसा
राजस्थान के अलवर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक और बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई. बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार से जा रही थी और अचानक अनियंत्रित हो गई. इस घटना में बस के अंदर मौजूद 40 यात्री घायल हुए हैं.
गोवर्धन जा रही थी बस
घटना में घायल हुए यात्रियों में से 7 की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल भेजा गया है. जानकारी के मुताबिक यह घटना जिले के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के चैनेज 139.6 पर हुई है. हादसे का शिकार होने वाली बस मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश के गोवर्धन जा रही थी. शुरुआती जांच के मुताबिक तेज रफ्तार बस का अचानक नियंत्रण खो गया.
घटना के बाद पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि हादसा अचानक से हुआ, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. कई यात्री एक दूसरे के ऊपर गिर गए और कई लोग बस के अंदर ही फंसे रह गए. घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य को शुरू किया. जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला.
कई यात्रियों के गंभीर चोटें
घटना की जानकारी मिलने के बाद एम्बुलेंस के साथ कई राहत दल भी मौके पर पहुंचे. जिसके बाद घायलों को तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने बताया कि कई यात्रियों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. बस में सवार यात्रियों में 7 लोगों की राहत काफी नाजुक बताई जा रही है. इस घटना के बाद कुछ समय के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. फिलहाल पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ.
यह भी पढ़ें- हैवान बन गया पोता! धारदार हथियार से की दादी की हत्या; दोनों के बीच चल रहा था विवाद
