Jeera Masala Sharbat: गर्मियों में पेट को रखेगा एकदम कूल, नोट करें जीरा मसाला शरबत सिरप बनाने की आसान रेसिपी

Jeera Masala Sharbat: गर्मियों में बाजार की कोल्ड ड्रिंक की जगह पुदीने और भुने जीरे से बना देसी मसाला शरबत बेहद फायदेमंद और शरीर को अंदर से ठंडा रखने वाला होता है. इस लाजवाब सिरप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे एक बार बनाकर आसानी से 6 महीने तक स्टोर किया जा सकता है.
Jeera Masala Sharbat: गर्मियों के मौसम में तेज धूप और गर्म हवा लोगों की हालत खराब कर देती है. ऐसे समय हर किसी का मन बार-बार कुछ ठंडा पीने का करता है. कई लोग बाजार की कोल्ड ड्रिंक और पैकेज्ड जूस पीते हैं, लेकिन उनसे सिर्फ थोड़ी देर की राहत मिलती है. शरीर को असली ठंडक नहीं मिल पाती. ऐसे में घर पर बनने वाला देसी जीरा मसाला शरबत काफी फायदेमंद माना जाता है. यह स्वाद में भी मजेदार होता है और शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करता है. यही वजह है कि इन दिनों सोशल मीडिया पर यह ड्रिंक तेजी से वायरल हो रही है.
इस खास शरबत की सबसे बड़ी खासियत इसका सिरप है. इसे एक बार बनाकर कई महीनों तक स्टोर किया जा सकता है. जरूरत पड़ने पर बस कुछ मिनट में ठंडा शरबत तैयार हो जाता है. लोग इसे गर्मियों का सुपर ड्रिंक भी कह रहे हैं. इसमें जीरा, पुदीना और मसालों का ऐसा स्वाद मिलता है जो गर्मी और थकान दोनों को दूर कर देता है. साथ ही यह पेट को भी आराम पहुंचाता है. खासकर तेज धूप से घर लौटने के बाद यह शरबत शरीर में तुरंत ताजगी भर देता है.
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में पानी लें. उसमें ताजा पुदीना, चीनी और थोड़ा नींबू का छिलका डालें. फिर इसे अच्छी तरह उबाल लें. कुछ देर पकाने के बाद इसे ठंडा होने दें और बाद में फ्रिज में रख दें. दूसरी तरफ एक पैन में जीरा, काली मिर्च और सौंफ को हल्का भून लें. इसके बाद इसमें काला नमक, चाट मसाला, सोंठ पाउडर और साधारण नमक मिलाकर बारीक पीस लें. यही मसाला इस शरबत का असली स्वाद बढ़ाता है.
अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर पकाएं. जब चीनी अच्छी तरह घुल जाए तो उसमें तैयार मसाला मिला दें. इसे तब तक उबालें जब तक सिरप थोड़ा गाढ़ा और चिपचिपा न हो जाए. आखिर में इसमें सफेद सिरका या नींबू का रस डाल दें. सिरप पूरी तरह ठंडा होने के बाद इसे कांच की साफ बोतल में भरकर फ्रिज में रख दें. कहा जाता है कि यह सिरप करीब 6 महीने तक खराब नहीं होता. यानी एक बार मेहनत और पूरी गर्मी राहत.
जब भी शरबत पीना हो तो एक बड़े जग में ठंडा पानी लें. उसमें 4 से 5 चम्मच तैयार जीरा सिरप डालें. फिर बर्फ, नींबू का रस और भीगे हुए सब्जा सीड्स मिला दें. इसे अच्छी तरह मिक्स करें और ठंडा-ठंडा सर्व करें. यह ड्रिंक सिर्फ स्वाद ही नहीं देता, बल्कि शरीर को तरोताजा भी रखता है. गर्मियों में बार-बार बाहर की ड्रिंक खरीदने से बेहतर है कि घर पर यह देसी शरबत तैयार करके रखा जाए.
