उत्तर प्रदेश के आगरा में आगरा चौपाटी पर मौजूद जिप लाइनिंग से गिरने से एक 15 साल के किशोर की मौत हो गई. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर कापी वायरल हो रहा है. पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है.

जिप लाइनिंग से गिरने से किशोर की मौत
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां थाना ताजगंज इलाके में मौजूद आगरा चौपाटी में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एंटरटेनमेंट के लिए बनाई गई जिप लाइनिंग राइड पर ऊंचाई से गिरने के कारण एक 15 साल के नाबालिग की मौत हो गई. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है.
कैमरे में रिकॉर्ड हुआ वीडियो
जानकारी के मुताबिक 15 साल का किशोर आगरा चौपाटी पर मौजूद जिप लाइनिंग झूले का मजा ले रहा था, इसी दौरान अचानक से तकनीकी खराबी या फिर सुरक्षा में चूक के कारण वह हवा में अनियंत्रित हो गया और उसके बाद सीधे नीचे जा गिरा. इस घटना के दौरान वहां मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने अपने मोबाइल में इसका वीडियो रकॉर्ड कर लिया. जिसमें किशोर का गिरते हुए वीडियो साफ दिखाई दे रहा है.
मां-बाप के सामने हुई मौत
बताया जा रहा है कि इस घटना के दौरान बच्चे के मां-बाप भी वहीं मौजूद थे. परिजनों की आंखों के सामने ही उनके बेटे की मौत हो गई. इस घटना के बाद अब चौपाटी पर जिप लाइनिंग का संचालन करने वाली कंपनी और उसकी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं. लोगों का आरोप है कि एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए जरूरी रहने वाले सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है.
कंपनी के मैनेजर को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और संचालन करने वाली कंपनी के मैनेजर को हिरासत में ले लिया है. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और लापरवाही बरतने को लेकर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में पुलिस की टीम गहनता के साथ जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- 4 महीने तक डिजिटल अरेस्ट! बेंगलुरु में बुजुर्ग महिला से 24 करोड़ की ठगी; कई राज्यों से आरोपी गिरफ्तार
