उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी को गोली मार दी. पड़ोसी आरोपी के घर पर जनगणना अधिकारियों को लेकर पहुंचा था, जिससे आरोपी गुस्सा हो गया था.

व्यक्ति ने पड़ोसी को मारी गोली
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गाजियाबाद के मुरादनगर इलाके में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी के ऊपर गोली चला दी. बताया जा रहा है कि पड़ोसी व्यक्ति के घर पर जनगणना अधिकारियों को लेकर पहुंच गया था, जिससे नाराज होकर व्यक्ति ने पड़ोसी के ऊपर गोली चला दी. पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जनगणना अधिकारी लेकर पहुंचा खा घर
जानकारी के मुताबिक आदर्श नगर कॉलोनी के निवासी प्रॉपर्टी डीलर वीरेंद्र त्यागी के घर पर जनगणना अधिकारी गए थे और अधिकारियों ने परिवार की जानकारी दर्ज करके आसपास के घरों का पता बताने में मदद मांगी. मदद मांगने पर वीरेंद्र त्यागी अपने पड़ोसी रामपाल चौधरी के घर पर जनगणना अधिकारियों को लेकर पहुंच गए, जिससे रामपाल काफी गुस्सा हो गए और डंडा लेकर वीरेंद्र और अधिकारियों के पीछे दौड़ने लगा.
घर पर आकर मारी गोली
मामले में अधिकारियों ने तुरंत ही 112 पर कॉल करके जानकारी दी. हालांकि जब तक पुलिस पहुंची तब तक आरोपी फरार हो गया था. जिसके बाद दोपहर लगभग 12 बजे रामपाल दोबारा से वीरेंद्र के घर पर पहुंचा. वीरेंद्र ने जैसे ही घर का दरवाजा खोला, तो रामपाल ने देसी पिस्तौल से गोली चला दी. इस दौरान गोली वीरेंद्र के पेट में लगी और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
गोली लगने के बाद तुरंत ही व्यक्ति को अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है. फिलहाल घायल व्यक्ति का लगातार इलाज चल रहा है.
यह भी पढे़ं- ‘जिम में सदस्य नहीं…’, आर्थिक संकट से जूझ रहे मोहम्मद दीपक; बोले- संचालन करना मुश्किल
