छत्तीसगढ़ में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी. महिला के प्रेमी ने पति को 10 हजार रुपए लेकर पत्नी छोड़ने के लिए कहा था. जब व्यक्ति रुपए लेने पहुंचा, तो उसकी हत्या कर दी गई.

प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी. जिसके बाद पति के शव को रेलवे ट्रैक के पास में झाड़ियों में फेंक दिया. पति की हत्या करने के बाद महिला अकेले अपने गांव लौट आई. जिसके बाद परिजनों को उसकी संदिग्ध हरकत को देखकर उस पर शक हुआ.
फेसबुक पर हुई थी मुलाकात
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना सिगगिट्टी थाना क्षेत्र की है. यहां झारखंड के सिमडेगा का रहने वाला विनोद लिमगा मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करता था. उसकी पत्नी की फेसबुक के जरिए सुगड़ तोपड़ो नाम के एक युवक से मुलाकात हुई थी. फेसबुक पर शुरू हुई बता कुछ समय में प्रेम संबंध में बदल गई. बताया जा रहा है कि पत्नी पूनम कुछ समय पहले घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ भी चली गई थी, लेकिन 15 दिनों बाद वह वापस लौट आई थी.
10 हजार का दिया लालच
जब महिला घर लौटी तो अपने प्रेमी साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने लगी. जिसके बाद प्रेमी सुगड़ तोड़े ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर से सिरगिट्टी इलाके में ठिकाना बनाया और उसने विनोद को फोन करके 10 हजार रुपए लेकर पत्नी छोड़ने की बात कही. जिसके बाद विनोद इस बात पर तैयार हो जाता है. जिसके बाद वह 19 मई को अपनी पत्नी पूनम के साथ मिलकर बिलासपुर पहुंच गया.
झाड़ियों में फेंक दिया शव
जिसके बाद आरोपी उसे रेलवे ट्रैक के पास ले गए और वहीं उसका चाकू से गला रेत दिया. जिससे युवक की मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया. घटना के बाद सभी आरोपी झारखंड लौट गए. पूनम भी अपने घर पर वापस लौटी, जिससे उसके ससुराल वालों को शक हुआ. पूछताछ के दौरान महिला ने पति के बिलासपुर में होने की बात कही. हालांकि परिजनों ने भरोसा न करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
पूछताछ के दौरान कबूला सच
पुलिस ने महिला से पूछताछ शुरू की और कॉल डिटेल भी निकाली. पुलिस की कड़ी पूछताछ के दौरान महिला ने प्रेमी के साथ हत्या करने की बात कबूल ली. पुलिस ने महिला की निशानदेही पर रेलवे ट्रैक के पास से विनोद के शव को बरामद कर लिया है. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम को झारखंड भेजा गया है.
यह भी पढ़ें- शादी के 3 महीनों बाद दर्दनाक अंत! किराए के कमरे से मिली महिला की लाश; परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
