महाराष्ट्र के सांगली में अंधविश्वास के चलते 3 पाखंडियों ने एक नाबालिग लड़की का कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पॉक्सो एक्ट के साथ कई धाराओं में मामला दर्ज किया है.

महाराष्ट्र में अंधविश्वास उजागर
महाराष्ट्र के सांगली में अंधविश्वास और दरिंदगी का एक सच उजागर हुआ है. सांगली के कदेश्वर धाम के तीन भोंदू बाबाओं ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करके उसी अपनी हवस का शिकार बनाया है. जानकारी के मुताबिक इन तीनों पाखंडी बाबाओं ने अंधविश्वास की एक अनोखी कहानी रची और वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद लोगों के अंदर गुस्सा भरा हुआ है.
‘तुम नागिन थीं और बाबा नाग थे’
इस दौरान पाखंडियों ने लड़की से कहा कि तुम पिछले जन्म में नागिन थी और संकेत बाबा नाग थे, जिसके कारण इस जन्म में उसने तुम्हारी शादी होनी तय है. सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि आरोपियों ने नाबालिग को यह भी कहकर डराया कि वह पिछले जन्म से एक डायन बनी हुई है. पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन भोंदू बाबाओं के खिलाफ पॉक्सो और कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
परिवार से वसूली मोटी रकम
बताया जा रहा है कि तीनों पाखंडियों ने खुद का बड़े लोगों से संपर्क होने का दावा किया और पीड़िता के परिवार का भरोसा जीतकर पूजा-पाठ और दोष निवारण के नाम पर लगभग साढ़े चार लाख रुपए की मोटी रकम भी वसूल की थी. बताया जा रहा है कि ये तीनों ढोंगी सिर्फ दुष्कर्म तक नहीं रुके, बल्कि इन्होंने नाबालिग के साथ दुष्कर्म का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था.
पुलिस ने गिरफ्तार किए 3 आरोपी
इस वीडियो के जरिए वो पीड़िता को ब्लैकमेल करते रहे और कई बार उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. हालांकि पीड़िता की शिकायत पर इस रैकेट का भंडाफोड़ हो गया है. पुलिस ने इस मामले में महेश मोहन बाबर, संकेत संदीप निकम और सूरज उपाध्याय को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के साथ कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
यह भी पढ़ें- 10 हजार में पत्नी छोड़ने की डील! पैसे लेने पहुंचा तो कर दी हत्या; महिला ने प्रेमी संग मिलकर की वारदात
