गुजरात के वडोदरा में एक महिला ने गरीबी और लाचारी के चलते झोपड़ी के बाहर ही अपने पति के शव में आग लगा दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अधजला शव कब्जे में ले लिया, जिसके बाद श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कराया गया.

गुजरात में इंसानियत शर्मसार
गुजरात के वडोदरा से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है. वडोदरा के वाघोड़िया रोड इलाके में गरीबी के चलते एक महिला ने अपने पति का श्मशान घाट के बजाय झोपड़ी के बाहर अंतिम संस्कार कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच को शुरू कर दिया.
सरकारी जमीन पर रहता था दंपति
जानकारी के मुताबिक जशोदाबेन और उनके पति महेश राठोड़िया पिछले लगभग 2 सालों से वाघेड़िया रोड पर मौजूद डी-मार्ट के पीछे सरकारी जमीन पर एक झोपड़ी बनाकर रहते थे. दंपति कूड़े और कबाड़ को इकट्ठा करके उसे बेचते थे और अपना गुजारा करते थे. एक दिन महेश की अचानक से मौत हो गई, जिसके बाद महिला ने अपने रिश्तेदारों को इस मामले में जानकारी दी.
झोपड़ी के बाहर लगाई आग
महिला ने बताया कि देर रात तक कोई भी रिश्तेदार उसके पास नहीं पहुंचा और शव से बदबू आने लगी. अकेलेपन के कारण महिला ने अपने पति के शव को झोपड़ी के बाहर ही आग लगा दी. जिसके कुछ समय बाद मृतक की मां और बाकी के रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शव को अधजला देखा. इस घटना की जानकारी मिलते ही पाणिगेट पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई.
पुलिस ने कब्दे में लिया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में जांच के बाद परिजनों की मौजूदगी में श्मशान घाट में अंतिम संस्कार करवाया. पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है. फिलहाल घटना के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. लोग इसे लेकर कई तरह की बातें कर रहे हैं. महिला ने गरीबी और लाचारी के चलते अपने पति के शव में झोपड़ी के बाहर ही आग लगा दी.
यह भी पढे़ं- उड़ान से पहले फ्लाइट में हड़कंप! इंडिगो विमान से उठता दिखा धुआं; 230 लोगों को निकाला गया बाहर
