उत्तर प्रदेश के अमेठी में पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास पर देर शाम 2 दर्जन बदमाशों ने हमला बोला दिया. इस मामले में पूर्व मंत्री के बेटे ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है. साथ ही सपा प्रमुख से भी मांग की है.

अमेठी में विधायक के आवास पर हमला
उत्तर प्रदेश के अमेठी में कल देर शाम जमकर बवाल हुआ है. अमेठी में आवास विकास कॉलोनी में मौजूद विधायक महाराजी प्रजापति के घर पर कुछ दबंगों ने हमला बोल दिया. बताया जा रहा है कि लाठी-डंडों के साथ 2 स्कॉर्पियो और बाकी गाड़ियों पर आए 2 दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने हमला बोला है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों को दबोचा है.
जान से मारने की धमकी
आरोप है कि सांसद धर्मेंद्र यादव के करीबी सपा नेता जय सिंह यादव ने अपने साथियों के साथ सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर हुए विवाद में इस घटना को अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि दबंगों ने इस दौरान घर पर मौजूद लोगों पर हमला किया और गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए. आपको बता दें कि यह घटना पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के आवास की है.
हमलावरों ने किया जमकर तांडव
आपको बता दें कि वर्तमान में गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी विधायक हैं और इस आवास में वही रहती हैं. कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक कमेंट को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद देर शाम गाड़ियों से हमलावरों ने विधायक के घर पर खूब तांडव किया. इस दौरान जब आवास पर मौजूद लोगों ने विरोध किया तो हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी.
पुलिस ने दबोचे 5 आरोपी
इस मामले की जानकारी मिलते ही गायत्री प्रसाद प्रजापति के छोटे बेटे अनुराग प्रजापति के साथ समर्थक मौके पर पहुंच गए. इस मामले में उन्होंने कई लोगों को नामजद करते हुए पुलिस से शिकायत की है. अनुराग ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है और साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव से आरोपियों को पार्टी के बाहर निकालने के लिए अपील है. पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को दबोच लिया है.
यह भी पढे़ं- NEET पेपर लीक मामले में CBI का एक्शन! जांच में 2 और गिरफ्तारी; आरोपियों में डॉ. भी शामिल
