उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने एक महीने पुराने हत्याकांड को सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी अपने ऊपर से चोर का ठप्पा हटाना चाहता था.

पुलिस ने सुलझाया पुराना हत्याकांड
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने लगभग एक महीने पुराने हत्याकांड का खुलासा कर लिया है. पुलिस ने सहारनपुर के देवबंद इलाके में हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल और गगन के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि विशाल को साथी गगन के साथ मिलकर रास्ते में पिंटू नाम के व्यक्ति को रोका था.
ईंट से किया हमला
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने राहगीर पिंटू को रोका और पहले उसकी गर्दन दबाई और गन्ने के खेत में ले जाकर ईंट से हमला करके उसकी हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि मृतक मुजफ्फरनगर का रहने वाला था. विशाल के मुताबिक वह पहले लूट के मामले में जेल जा चुका है और कुछ दिनों पहले मुजफ्फरनगर कचहरी में तारीख पर गया था. वहां उसकी बाइक खराब हो गई तो मोटरसाइकिल को वह वहीं छोड़ आया था.
पिता ने चोर कहकर पीटा
जब विशाल घर लौटा तो उसके पिता ने बाइक बेचने का आरोप लगाते हुए चोर कहा और उसे पीटा. जिसके बाद मोहल्ले के लोग ही उसे चोर कहकर ताने देने लगे. आरोपी ने खुद से चोर का ठप्पा हटाने के लिए अजनबी की हत्या करने की साजिश रची. जिसके चलते विशाल और गगन 29 अप्रैल की रात में ट्यूबवेल पर बैठ गए और वहां से गुजर रहे पिंटू नाम के व्यक्ति को रोककर उसकी हत्या कर दी.
पत्थर बांधकर नाले में फेंका शव
हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक की बाइक को मुज्फ्फरनगर बाईपास के पास में एक होटल के पास छोड़ दिया. जिसके बाद शव को खेत से थोड़ी दूरी पर पत्थर बांधकर नाले में फेंक दिया. जिसके बाद 3 मई को शव बरामद हुआ और पुलिस ने जांच शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस को विशाल और गगन के ऊपर शक हुआ और उन्हें घलौली जाने वाले मोड़ से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट, खून से सनी शर्ट और मृतक का आधार और पैनकार्ड बरामद कर लिया है.
यह भी पढ़ें- पसंद नहीं थी पत्नी तो 50 हजार में बेच दी! पुलिस में की गुमशुदगी की शिकायत; आरोपी गिरफ्तार
