महाराष्ट्र के ठाणे में 3 युवकों ने मामूली सड़क हादसे के चलते टेंपो ड्राइवर की बुरी तरह पिटाई कर दी. युवकों की पिटाई से टेंपो चालक की मौत हो गई. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

सड़क विवाद में टेंपो चालक की हत्या
महाराष्ट्र के ठाणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक सड़क हादसे के बाद 3 युवकों ने एक टेंपो ड्राइवर की बुरी तरह से पिटाई कर दी. बताया जा रहा है कि युवकों ने ड्राइवर को इतनी बेरहमी से मारा कि उसकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना शिल-डायघर थाना क्षेत्र के धावले गांव की है.
स्कूटर से टकरा गया था टेंपो
घटना में मरने वाले टेंपो ड्राइवर की पहचान 38 साल के केतन धामनस्कर के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि व्यक्ति टेंपो चलाकर अपना गुजारा करता था. पुलिस के मुताबिक केतन का टेंपो एक 21 साल के युवक के स्कूटर से टकरा गया था. हल्की सी टक्कर के बाद दोनों के बीच में विवाद होने लगा था. 21 साल के युवक की पहचान जितेश तुकाराम तावरे के रूप में की गई है.
ड्राइवर के घर पहुंचे आरोपी
बताया जा रहा है कि घटना के बाद में जितेश अपने भाई और एक साथी को लेकर ड्राइवर केतन के घर पर पहुंचा था. युवकों ने घर पर जाकर केतन के साथ मारपीट शुरू कर दी. मृतक की पत्नी ने बताया कि आरोपियों ने केतन को कई बार गंभीर रूप से लातें मारीं, जिससे केतन के प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोटें आईं. परिवार ने बताया कि युवकों ने इतनी बुरी तरह पीटा कि केतन की मौत हो गई.
पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी
पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने 21 साल के जितेश तावरे और उसके भाई के साथ उसके साथी 24 साल के दगडू म्हात्रे को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में गहनता के साथ जांच कर रही है.
यह भी पढे़ं- कुर्सी की लड़ाई के बीच बदली तस्वीर! डीके शिवकुमार ने छुए सिद्धारमैया के पैर; आशीर्वाद लेकर मिले गले
