उत्तर प्रदेश के झांसी में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियों ने सड़क किनारे जा रहे युवक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर मौत हो गई. पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

झांसी में तेज रफ्तार का कहर
उत्तर प्रदेश के झांसी में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर से दिखाई दिया है. यहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क के किनारे जा रहे एक युवक को टक्कर मार दी. गाड़ी की जोरदार टक्कर लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई. इस पूरी घटना का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मजदूरी करके वापस लौट रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक पूरी घटना झांसी के नवाबाद थाना के RTO ऑफिस के पास की है. इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान श्याम चौपड़ा इलाके में रहने वाले विनोद कुशवाह के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक घटना के दौरान विनोद मून सिटी इलाके में मजदूरी का काम करने के बाद अपने घर पर वापस लौट रहा था.
कई फीट दूर गिरा युवक
युवक के घर वापस लौटते समय तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर से युवक कई फीट दूरी पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई. इस घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि जैसे ही युवक को गाड़ी ने टक्कर मारी, तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
बेटे की शादी की तैयारियां थी जोरों पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि 19 तारीख को मृतक के बेटे की शादी है और घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं. इस घटना के बाद घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं. पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी चालक को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढे़ं- शराब पीते हुए शुरू हुआ विवाद! पार्षद ने साथियों संग मिल की युवक की हत्या; रेत में छिपाया शव
