छत्तीसगढ़ से रायपुर में एक युवक की हत्या कर दी गई. युवक इलाके के पार्षद और उसके साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया.

रायपुर में युवक की हत्या
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. रायपुर के मंदिरहसौद इलाके में एक युवक की हत्या कर दी गई है. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. जानकारी के मुताबिक हत्या के कई दिनों बाद युवक का शव महानदी के किनारे रेत में दबा हुआ बरामद हुआ है. पुलिस ने शव मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.
शराब पी रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक मृत युवक मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के तौर पर काम करता था. मृतक की पहचान भुवनेश्वर यादव के रूप में की गई है. पुलिस के मुताबिक युवक कई दिनों से लापता था और परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी. जांच के मुताबिक भुवनेश्वर 22 मई की रात में मंदिरहसौद में मौजूद शराब भट्टी के पीछे पार्षद गोलू रात्रे और उसके साथियों के साथ में बैठकर शराब पी रहा था.
नशे में शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि शराबी पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. इस दौरान नशे की हालत में पार्षद और उसके साथियों ने युवक को उठाया और जबरदस्ती नानागांव के पास महानदी के किनारे लेकर गए. आरोपियों ने युवक की बुरी तरह से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. जिसके बाद आरोपियों ने शव को रेत में दबा दिया और मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने गिरफ्तार किए 4 आरोपी
पुलिस ने बताया कि घटना से पहले भुवनेश्वर ने अपनी पत्नी से बात की थी और गोलू रात्रे से भी करवाई थी. जिसके कुछ देर बाद युवक का मोबाइल बंद हो गया. जिसके बाद इसी कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची है. पुलिस ने पार्षद गोलू रात्रे समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है. फिलहाल पुलिस लगातार आरोपियों से पूछताछ कर रही है.
यह भी पढे़ं- 12 लाख में बेच दी नाबालिग बेटी! सौतेले पिता ने साथियों के साथ किया दुष्कर्म; कई दिनों तक चला दरिंदगी का खेल
