मध्य प्रदेश में एक नाबालिग 12 साल की बच्ची को उसके सौतेले पिता और मां ने 12 लाख रुपए में बेच दिया. जिसके बाद बच्ची के साथ कई बार दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

सौतेले पिता और मां ने बच्ची को बेचा
मध्य प्रदेश के राजगढ़ से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक मासूम बेटी को उसके सौतेले पिता और मां ने बेच दिया. बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपियों ने मासूम की जबरदस्ती शादी करवाई. पीड़ित बच्ची की उम्र सिर्फ 12 साल बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक मासूम नाबालिग बच्ची के साथ 3 आरोपियों ने कई दिनों तक दुष्कर्म किया.
पिता की 2025 में हो गई थी मौत
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि शराब पीने के कारण पीड़ित बच्ची के पिता की जनवरी साल 2025 में मौत हो गई थी. जिसके बाद उसकी मां ने गुना जिले से रहने वाले पवन उर्फ परमाल गुर्जर से शादी कर ली थी और राजगढ़ में रहने लगे थे. जांच के मुताबिक बच्ची के सौतेले पिता और उसकी मां ने जनवरी साल 2025 में उसकी शादी 26 साल के भोला उर्फ भोलाराम गुर्जर से करवाई थी.
8 लाख कैश और 4 लाख के जेवर
बताया जा रहा है कि शादी के बदले आरोपियों ने 8 लाख रुपए कैश लिए और 4 लाख रुपए के जेवर लिए थे. जिसके बाद भोला ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. इसके अलावा बच्ची के सौतेले पिता ने भी बच्ची के साथ कई बार रेप किया. पुलिस ने बताया कि पवन कुछ दिनों बाद पीड़िता की मां को छोड़कर फरार हो गया और उसकी मां ने राजस्थान में तीसरी शादी कर ली. जिसके बाद बच्ची को राजगढ़ में एक महिला के पास छोड़ दिया गया.
पुलिस ने गिरफ्तार किए 5 आरोपी
इस दौरान महिला के घर पर देवराज गुर्जर नाम के व्यक्ति ने भी बच्ची के साथ कई बार रेप किया. इस मामले की सूचना जब राजगढ़ कोतवाली के प्रभारी पर पहुंची, तो पुलिस ने बच्ची को बरामद किया और उसकी काउंसलिंग कराई गई. बच्ची ने पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जिनकी पहचान भोलाराम, देवराज गुर्जर, सागर गुर्जर, शैतानबाई और पीड़िता की मां के रूप में की गई है. मामले में मुख्य आरोपी परमाल गुर्जर अभी फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है.
